ABC News: राजस्थान के भरतपुर में चर्चित भाजपा नेता कृपाल सिंह जघीना हत्याकांड के मुख्य आरोपी कुलदीप जघीना की पुलिस कस्टडी में हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि जिस समय इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया, उस समय कुलदीप को रोडवेज बस से भरतपुर कोर्ट ले जाया जा रहा था. इससे पहले बदमाशों ने पुलिस की आंखों में मिर्ची भी झोंकी.

मृतक कुलदीप जघीना को 20 से 25 गोलियां लगने की बात कही जा रही है. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने कुलदीप के साथ चल रहे पुलिसकर्मियों की आंखों में पहले मिर्ची झोंकी और इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस रोडवेज बस से ही जयपुर से भरतपुर कोर्ट में बदमाश को पेशी पर लेकर आ रही थी. जहां आगरा-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित आमोली टोल प्लाजा से बस के निकलते ही बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. इसमें कुछ रोडवेज बस यात्रियों के भी घायल होने की बात सामने आ रही है. बता दें कि कृपाल सिंह जघीना हत्याकांड में बुधवार को जयपुर जेल में बंद सात आरोपियों को भरतपुर न्यायालय में पेश होना था, वैसे अक्सर पुलिस की ओर से जयपुर से ही बदमाशों को पुलिस वैन से लाया जाता था. लेकिन संख्या कम होने से दोनों को रोडवेज बस से पुलिसकर्मी ला रहे थे. जहां रोडवेज बस चालक ने टोल प्लाजा पर रसीद कटवाने के लिए बस को रोका तो निकलते ही एक बाइक व स्कार्पियो सवार बदमाशों ने मिर्च झोंकने के बाद फायरिंग शुरू कर दी. इस हमले में कुलदीप का एक साथी भी घायल हुआ है. उल्लेखनीय है कि 4 सितंबर 2022 को नामजद बदमाशों ने भाजपा नेता कृपाल सिंह जघीना की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

