ABC NEWS: उत्तर भारत में लगातार हो रही बारिश के चलते 19 लोगों की मौत हो गई. ये मौतें भूस्खलन और बारिश से जुड़ीं घटनाओं में हुईं. हालत ये हैं कि पहाड़ हो या मैदान… सब तरफ सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड से लेकर दिल्ली NCR तक हर तरफ हो रही मूसलाधार बारिश आफत बन गई है. इन राज्यों से जो वीडियो सामने आ रहे हैं, उनमें सिर्फ तबाही का मंजर नजर आ रहा है. दिल्ली में जहां सड़कें तालाब बनी हुई हैं, तो वहीं उत्तराखंड-हिमाचल में पुल, सड़कें, कारें और इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढहती नजर आ रही हैं. इसके चलते कई इलाकों का मुख्यालयों से संपर्क भी टूट गया है. उत्तर भारत में बारिश और बाढ़ से जुड़ीं घटनाओं में 19 लोगों की मौत की खबर है. दिल्ली एनसीआर में बारिश को देखते हुए सोमवार को स्कूल बंद कर दिए गए हैं.
हिमाचल के मंडी में कई घर तबाह

हिमाचल प्रदेश के मंडी में कई घर बारिश के चलते तबाह हो गए.
गाजियाबाद में जलभराव के बाद रेस्क्यू करती SDRF की टीम
VIDEO | SDRF rescued people in Ghaziabad’s Tronica City after heavy rainfall caused waterlogging in the locality. pic.twitter.com/Ve3KHZtN4s
— Press Trust of India (@PTI_News) July 10, 2023
गाजियाबाद में ट्रोनिका सिटी में भारी बारिश के चलते जलभराव के बाद लोगों को रेस्क्यू करती SDRF की टीम
प्रगति मैदान टनल बंद
भारी बारिश और जलभराव के बाद प्रगति मैदान टनल को बंद कर दिया गया है.
उत्तराखंड के 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में 13 जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. उत्तरकाशी, हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, नैनीताल में बारिश की संभावना जताई गई है. रुद्रप्रयाग और चमोली में अलकनंदा, मंदाकिनी खतरे के निशान के ऊपर है. 7 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. SDRF-NDRF की 34 कंपनियां तैनात हैं. अभी तक राज्य में 9 लोगों के मरने की खबर है.
हिमाचल में गुरुवार तक जारी रहेगी मुसीबत वाली बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में गुरुवार तक बारिश जारी रहेगी. कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है. कई जगहों पर लैंड स्लाइड हुई है. वहीं जगह जगह जलभराव के चलते सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है. भूस्खलन के चलते 3 हाइवे समेत 736 सड़कें बंद हैं. मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे बंद हो गया है. राज्य में ज्यादातर नदियां उफान पर हैं.
पंजाब और हरियाणा में भी बारिश का कहर
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में भारी मानसूनी बारिश के कारण निचले इलाकों में बड़े पैमाने पर जलभराव और बाढ़ आ गई, जिससे सबसे अधिक प्रभावित स्थानों पर अधिकारियों को कार्रवाई में जुटना पड़ा. पंजाब सरकार ने मंत्रियों, उपायुक्तों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और लोगों को आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है.

दिल्ली एनसीआर में स्कूल बंद
सामान्य जनजीवन ठप होने के कारण दिल्ली और इसके आसपास के एनसीआर शहरों गुरुग्राम और नोएडा में स्कूल सोमवार को बंद रहेंगे. दिल्ली में भारी बारिश के बाद यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है. हरियाणा में हथिनीकुंड बराज से यमुना नदी में एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने से जल स्तर बढ़ा है. साथ ही यमुना नदी में पानी का बहाव काफी तेज है, आने वाले एक से दो दिनों में यमुना खतरे के निशान से ऊपर होगी. ऐसे में दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है.
कश्मीर में दो जवान बहे
जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों के साथ-साथ लद्दाख से भी बर्फबारी की खबरें आईं, जहां भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. नदियों और नालों में जल स्तर खतरे के निशान को पार करने की रिपोर्ट के साथ जम्मू-कश्मीर के कठुआ और सांबा जिलों के साथ-साथ निचले जलग्रहण क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. जम्मू-कश्मीर में डोडा जिले में एक यात्री बस के भूस्खलन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि लद्दाख के कारगिल जिले में लेह-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एक पहाड़ी से लुढ़के पत्थर के नीचे एक वाहन के कुचल जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई.
उत्तराखंड में तबाही जारी
पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में, ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर के पास भूस्खलन के बीच जीप नदी में गिरने से तीन तीर्थयात्री गंगा में डूब गए. राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जीप में 11 लोग थे. उन्होंने बताया कि पांच लोगों को बचा लिया गया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है और बचाव कर्मियों ने तीन शव बरामद किए हैं. राज्य के काशीपुर क्षेत्र में दो मकान गिरने से एक दंपत्ति की मौत हो गई और उनकी पोती घायल हो गई, जबकि उत्तरकाशी जिले के बड़कोट में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रबंधन में लगे एक पुलिसकर्मी की पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से मौत हो गई.

हिमाचल में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड
– शिमला मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सोलन में रविवार को 135 मिमी बारिश हुई, जिससे 1971 में एक दिन में 105 मिमी बारिश का 50 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया, जबकि ऊना में 1993 के बाद सबसे अधिक बारिश हुई.
– शिमला जिले के कोटगढ़ इलाके में भूस्खलन के बाद एक घर ढहने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि कुल्लू और चंबा जिलों से एक-एक मौत की खबर है. शिमला शहर के बाहरी इलाके रझाणा गांव में बारिश के पानी में बहकर आया मलबा भारी मात्रा में एक लड़की के घर पर गिरने से वह दब गई.
– हिमाचल प्रदेश आपातकालीन ऑपरेशन सेंटर के अनुसार, पिछले 36 घंटों में चौदह बड़े भूस्खलन और 13 अचानक बाढ़ की सूचना मिली है, जबकि 700 से अधिक सड़कें बंद कर दी गई हैं. हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य से संबद्ध सभी स्कूलों और कॉलेजों को दो दिनों – सोमवार और मंगलवार के लिए बंद कर दिया है.
– हिमाचल प्रदेश में, मनाली में दुकानें बहने और कुल्लू, किन्नौर और चंबा में कारों के बह जाने के वीडियो सामने आ रहे हैं.


