ABC News: गीताप्रेस की खूबियां उसकी पहचान हैं. वह धार्मिक व सदाचार की पुस्तकों के माध्यम से सिर्फ अच्छे संस्कारों का प्रचार-प्रसार ही नहीं करता बल्कि वहां काम करने वाले कर्मचारियों से लेकर प्रबंधक तक खुद भी उसे जी रहे हैं. परिसर इंसानियत की पाठशाला बन गया है, जहां ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा कर्मचारियों का गुणधर्म है. यहां न कोई नौकर है और न मालिक. सभी भगवान का कार्य कर रहे हैं.

ट्रस्टियों की इस भावना ने कर्मचारियों में अभय का वातावरण बनाया है. पूरा परिसर सृजन और भगवान के स्मरण में डूबा तनावमुक्त है. ट्रस्टियों की कर्मचारियों के प्रति बेहद संवेदनशीलता है. इससे गीताप्रेस एक जिम्मेदार परिवार बन गया है. बाजार के इस दौर में भी सबको साथ लेकर चलने की भावना व ईमानदारी के कई ऐसे उदाहरण यहां मिलेंगे जो अन्यत्र नहीं दिखते. सब सामान खुले में रखे रहते हैं, लेकिन आज तक कुछ गायब नहीं हुआ. सबकी जरूरत पर सभी काम आते हैं. आपसी सहिष्णुता व समन्वय कर्मचारियों की विशेषता है. कर्मचारी कार्य शुरू करने के पूर्व पंद्रह मिनट तक एक साथ भगवान की प्रार्थना करते हैं और सदाचार का संकल्प लेते हैं और उसे जीते भी हैं. गीताप्रेस धार्मिक पुस्तकों का प्रकाशन कर जहां धर्म व अध्यात्म के संबंध में जानकारी देता है, वहीं उसका हिंदी के विकास में भी अमूल्य योगदान है. जैसे वह हनुमान चालीसा या श्रीरामचरितमानस भले ही तमिल में छापेगा लेकिन उच्चारण तो हिंदी ही होता है. भाषा हिंदी होती है और लिपि तमिल या अन्य. बता दें कि गोविंद भवन ट्रस्ट की गीताप्रेस को साल 2021 का गांधी शांति पुरस्कार गीता प्रेस, गोरखपुर को दिया जाएगा. संस्कृति मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली जूरी ने अहिंसक और अन्य गांधीवादी तरीकों से सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिवर्तन की दिशा में उत्कृष्ट योगदान के लिए गीता प्रेस को इस पुरस्कार के लिए चुना है. पुरस्कार में एक करोड़ रुपये, प्रशस्ति पत्र, एक पट्टिका दी जाएगी. सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी गीता प्रेस को बधाई दी है. स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर मिला यह पुरस्कार गीता प्रेस के धार्मिक साहित्य को नई उड़ान देगा. दुनिया भर में मशहूर गीता प्रेस के 100 साल पूरे हो गए हैं.

