ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) कानपुर भले ही समुद्र से हजारों किलोमीटर दूर हो लेकिन वहां होने वाली चक्रवाती उथल पुथल का असर यहां पड़ता रहा है. इस बार भी अरब सागर में तूफानी चक्रवात बिपारजॉय का असर कानपुर में पड़ने लगा है. एक-दो दिन में इसकी तीव्रता बढ़ जाएगी और तेज हवाओं के साथ शहर में बारिश होगी. विशेषकर 18 से 21 जून के बीच यह असर दिखेगा.
बिपरजॉय तूफान का असर गुजरात के साथ ही राजस्थान और दिल्ली एनसीआर तक नजर आने लगा है. राजस्थान और दिल्ली एनसीआर में कई जगह झमाझम बारिश शुरू हो गई है. वहीं इन दोनों राज्यों के अलावा उत्तर प्रदेश समेत बाकी उत्तर भारत के राज्यों में घने बादल छा गए हैं. इन सभी राज्यों में तेज हवाएं चल रही हैं. इससे मौसम के तेवर भी थोड़े ढीले हुए हैं. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले पांच दिनों तक दिल्ली एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा को लोगों को चिलचिलाती गर्मी से काफी राहत मिलने वाली है.
कब शहर में दिखेगा व्यापक असर
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बिपारजॉय का असर अगले 48 से 72 घंटों में शहर में दिखेगा. 18 जून की शाम से घने बादल छाने लगेंगे और हवा की गति बढ़ जाएगी. 19 और 20 को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 21 और 22 को गरज चमक के साथ छींटे पड़ सकती हैं. इस दौरान गर्मी से राहत भी मिलेगी. हालांकि बिपारजॉय का असर सबसे लंबा हो सकता है. इसका असर 22 से 23 जून तक रहने की संभावना है. ऐसा सामान्य तौर पर नहीं होता है.
हल्की बदली से गिरा पारा, उमस भरी गर्मी ने किया हलकान
हल्की बदली से मामूली राहत रही जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई. शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42.8 से 41.4 और न्यूनतम 30.6 से 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा. हवा की रफ्तार में कोई नहीं आई. 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं. नमी का अधिकतम प्रतिशत 48 और न्यूनतम 34 फीसदी रहा. इससे उमस बढ़ी। इससे शहरवासी काफी परेशान रहे.
कब-कब आए तूफान
वर्ष 1999 में ओडिशा चक्रवात, वर्ष 2009 में फ्यान, 2010 में लैला, 2011 में थाइन, 2012 में नीलम, 2013 में फालिन, 2014 में हुदहुद, 2015 में कोमेन, 2016 में वरदोही, 2017 में ओखी, 2018 में तितली, 2019 में फानी व बुलबुल, 2020 में अफ्फान और 2021 में ताऊते का भारत में व्यापक असर रहा था.

