ABC News: कानपुर में भले ही जनता बिजली कटौती से परेशान हो लेकिन एमएलसी सलिल विश्नोई को लगता है कि दिक्कत उतनी भी नहीं है. दरअसल, एमएलसी सलिल विश्नोई जब मोदी सरकार के नौ सालों के कार्यकाल की उपलब्धि बताते बैठे, तो हर उस कार्य को गिनाया, जो सीसामऊ विधानसभा में हुए हैं. इस दौरान सवाल बिजली कटौती पर भी उठ गए, तो एमएलसी सलिल विश्नोई का कहना था कि अधाधुंध कटौती तो सपा सरकार के समय होती थी. उसे अब समाप्त कर दिया गया है. एमएलसी सलिल विश्नोई ने कहा कि अब कुछ लोकल फॉल्ट के कारण कभी कभी दिक्कत हो जाती है लेकिन विद्युत व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है.

पहली बार जीते आठ पार्षद
एमएलसी सलिल विश्नोई ने कहा कि सीसामऊ विधानसभा में पार्टी को कभी सफलता नहीं मिली है लेकिन उनके कार्यकाल में पहली बार ऐसा हुआ है जबकि निकाय चुनाव में पार्टी के आठ पार्षद चुनाव जीते हैं. महापौर के निर्वाचन में भी जीत हासिल हुई है. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में भी यहां पर फिर से जीत दर्ज होगी.
विकास कार्य गिनाए
इस दौरान सलिल विश्नोई ने विकास कार्य भी गिनाएं. चुन्नीगंज में बंद पड़े कन्वेंशन सेंटर के कार्य को लेकर कहा कि इसका काम भी 2024 तक जरूर पूरा होगा. रिंग रोड, एयरपोर्ट, कानपुर लखनऊ एक्सप्रेस वे आदि को लेकर कहा कि इससे कानपुर की आर्थिक प्रगति का मार्ग और ज्यादा प्रशस्त होगा.
रिपोर्ट: सुनील तिवारी

