ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) कानपुर में बिपारजॉय का असर धीरे-धीरे शहर में दिखने लगा है. हल्के बादल छाए रहे. वहीं, दिन भर तेज धूल भरी गर्म हवाएं चलती रहीं. हवा की रफ्तार 60-70 किमी प्रति घंटे रही. अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात का व्यापक असर 18 और 19 जून को पड़ेगा.
वैसे 16 से मौसम में बदलाव दिखने लगेगा। सात जून से लगातार सातवें दिन अधिकतम तापमान 40 या इससे अधिक रहा. 13 जून से लगातार न्यूनतम तापमान भी 30 या इससे अधिक बना हुआ है. गुरुवार को अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है. रात का पारा 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. मौसम विभाग का मानना है कि चक्रवात का असर पड़ने लगा है, जिसके चलते आसमान पर बादलों की आवाजाही जारी है. तेज हवाएं भी चल रही हैं. धूप-छांव के खेल से तपिश नहीं बढ़ पाई. अब अगले पांच से छह दिनों तक हल्के से घने बादल छाए रहेंगे. इससे दिन की गर्मी से तो मामूली राहत मिलेगी, लेकिन न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी.
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार बिपारजॉय 16 और 17 जून को इसका असर तेज हवा के रूप में दिखेगा. 18 और 19 को तेज बारिश की संभावना है. पूरे कानपुर मण्डल में बदली-बारिश की संभावना बनी रहेगी. दिन-रात तेज हवाएं चलेंगी, जिससे सतर्क रहना आवश्यक है.

