ABC News: (रिपोर्ट: सुनील तिवारी) कानपुर में बड़ा चौराहा स्थित राम आसरे पार्क और बस स्टैंड के नवीनीकरण में कमिश्नर ने बड़ा घालमेल पकड़ा है. नाराज कमिश्नर डॉ. लोकेश एम ने इस पर नाराजगी जताते हुए इस नवीनीकरण कार्य को ध्वस्त कराने के निर्देश देते हुए फिर से बनाने को कहा है. कमिश्नर के तेवर को देखते हुए यहां पर नगर निगम अधिकारियों के भी हाथ पैर फूले रहे.

दरअसल, कमिश्नर डॉ. लोकेश एम जैसे ही बड़ा चौराहा स्थित राम आसरे पार्क पहुंचे तो यहां पर पार्क के साथ बस स्टॉप के नवीनीकरण कार्य को देखा. कमिश्नर को इसकी क्वालिटी और फिनिशिंग बेहद ही घटिया नजर आयी. इस पर कमिश्नर ने नगर निगम अफसरों पर जमकर नाराजगी जाहिर की. कमिश्नर ने इस कार्य को फिर से कराने के निर्देश देते हुए इसकी रिपोर्ट भी तलब कर ली है. बता दें कि कुछ दिनों पहले नगर आयुक्त शिव शरण अप्पा जीएन ने भी यहां पर निर्माण कार्य में पीली ईंटे लगते हुए पायी थीं. तब ठेकेदार फर्म पर नगर आयुक्त ने एक लाख का जुर्माना लगाया था. इसके अलावा बस स्टॉप की क्वालिटी, डिजाइन, फिनिशिंग के साथ कान्सेप्ट भी बेहतर नहीं पाया गय.

कमिश्नर ने सुधार के निर्देश देते हुए स्मार्ट सिटी की बैठक में मुद्दा रखने को कहा. निर्माण कार्य की ऐसी स्थिति पर जब कमिश्नर ने स्मार्ट सिटी के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी से जवाब तलब किया. तो वह कोई जवाब नहीं दे सके. इस दौरान केस्को से समन्वय बनाकर बड़ा चौराहा पर बिजली की लाइन को अंडरग्राउंड कराने के भी निर्देश दिए गए. इसके पहले, कमिश्नर ने टेफ्को चौराहा पर चल रहे परमट मंदिर के कॉरीडोर का निरीक्षण किया. यहां पर नाले के स्लेप के ऊपर बनी पार्किंग व सड़क का स्लोप सही नहीं मिलने पर सुधार करने के निर्देश दिए.

