ABC News: कानपुर में दूसरी बार महापौर बनीं प्रमिला पांडेय का कहना है कि इस बार शहर को स्वच्छ बनाने में खासतौर पर जोर दिया जाएगा. यही नहीं, शहर के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में बने 124 मंदिरों के मामले का भी हल निकाला जाएगा. इसको लेकर समाज के सभी वर्गों के साथ बातचीत की जाएगी.

बता दें कि अपने पहले कार्यकाल में महापौर प्रमिला पांडेय, शहर के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में बने 124 मंदिरों को लेकर काफी मुखर नजर आयी थीं. कई मंदिरों में तो उन्होंने खुद अवैध कब्जे पकड़े थे. जबकि कई मंदिरों की हालत काफी जर्जर हो चुकी थी. अब एक बार इन मंदिरों को लेकर महापौर प्रमिला पांडेय ने अपना इरादा जताया है. उनका कहना है कि इन सभी मंदिरों को लेकर वहां के लोगों और साधु संतों के साथ बैठक कर हल निकाला जाएगा. कोशिश ऐसी होगी कि जो फैसला सबके हित में हो, वही निकले. इसके साथ ही वह शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भी उत्साहित नजर आ रही हैं. उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक आएंगे. इसके अलावा उन्होंने सभी लोगों को शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया है.
रिपोर्ट: सुनील तिवारी

