ABC NEWS: घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र में जहानाबाद रोड पर परास गांव के पास ट्रक की टक्कर से आटो सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि मासूम समेत पांच लोग घायल हो गए. एक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है. टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखचचे उड़ गए और दोनों वाहन खड्ड में घुस गये.
मंगलवार सुबह जहानाबाद रोड पर क्रॉसिंग से एक आटो सात सवारी लेकर फतेहपुर के अमौली जा रहा था. करीब चार किमी चलकर अभी वह परास गांव के पास पहुचा था तभी सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी और दोनों वाहन खड्ड में घुस गए. हादसे में ऑटो चालक भैरमपुर निवासी मनोज25 , नगर के आशनगर वार्ड निवासी वीरेंद्र सिंह की बेटी सलोनी 16 की मौत हो गई.
सलोनी की बड़ी बहन 24 साल की अंजली और रिश्ते में चाचा लगने वाले बांदा जिले के पैलानी गढ़ोला निवासी शुभम 26 बुरी तरह से घायल हुए हैं. इसके साथ ही चपरेहटा निवासी अनूप 37 और उनका चार साल का बेटा अरविन्द घायल हो गया. दोनों मैहर देवी दर्शन कर लौट रहे थे. हादसे में एक और युवक की मौत हुई है, जिसकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है. घायलों को कानपुर रेफर किया गया है.

