ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के गोगूमऊ रेलवे क्रॉसिंग के पास पेड़ की छाया में ख़ड़े बाइक सवार को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी. इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. उत्तेजित ग्रामीणों व परिजनों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया. साथ ही रोड जाम कर हंगामा किया. एसडीएम सदर के कार्रवाई का भरोसा देने के बाद ग्रामीण शांत हुए. दो घंटे बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी.
गजनेर थाना क्षेत्र के रुरवा गांव का पप्पू शुक्रवार को बीमार पत्नी ननखी देवी का इलाज कराने सरवनखेड़ा जा रहा था. तेज धूप की वजह से वह गोगूमऊ रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क किनारे पेड़ की छाया में रुककर सुस्ता रहा था. इसी बीच रायपुर से सरवनखेडा की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर उसे कुचलता हुआ आगे निकल गया. पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई. जानकारी पर मौके पर पहुंचे तो कोहराम मच गया.
उत्तेजित लोगों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। इसे लेकर पुलिस व ग्रामीणों के बीच धक्का मुक्की हो गई. गुस्साए लोगों ने रोड जाम कर हंगामा शुरू किया. बवाल की सूचना पर रनियां व गजनेर थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं एसडीएम अकबरपुर डॉ. पूनम गौतम व सीओ सदर प्रभात कुमार ने लोगों को समझाने के बाद शांत कराया. इंस्पेक्टर गजनेर ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है. परिजनों की तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी.

