ABC NEWS: यूपी में फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र में असामाजिक तत्वों ने बुधवार की रात भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा खंडित कर दी. क्षेत्रीय लोगों ने गुरुवार सुबह खंडित मूर्ति को देखा तो गुस्से में आ गए. पता चलते ही पुलिस पहुंची. सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया व नई प्रतिमा लाकर लगवाई गई. भीकमपुर स्थित आंबेडकर पार्क में लगी डॉ.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को देर रात असामाजिक तत्वों ने खंडित कर दिया. ग्रामीणों ने सुबह प्रतिमा टूटी देखी तो बात फैली. पता चलते ही वहां काफी अनुयायी एकत्रित हो गए. लोगों में काफी गुस्सा व्याप्त हो गया. लोगों ने नारेबाजी की.
मूर्ति खंडित होने की बात पता चलते ही कई थानों का फोर्स वहां पहुंच गया. सीओ सिटी भी वहां पहुंचे. उन्होंने गुस्साए लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया. दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. उसके बाद गुस्साए लोग शांत हुए. प्रशासन ने डॉ.आंबेडकर की नई प्रतिमा लाकर वहां लगवाई. तब मामला शांत हुआ. सीओ सिटी कमलेश कुमार ने कहा कि पुलिस प्रतिमा तोड़ने वालों के बारे में जानकारी करने का प्रयास कर रही है. क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जा रही हैं. पुलिस का कहना है कि शीघ्र आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा. लोगों ने प्रतिमा के आसपास लोहे की ग्रिल लगवाने की मांग भी की है.
लोगों ने आक्रोश जताया है और पुलिस से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने के साथ ही मांग की है कि मूर्ति के आसपास लोहे की ग्रिल लगवाई जाए जिससे की दोबारा इस तरह की कोई घटना न हो. लोगों का कहना है कि असामाजिक तत्व दोबारा मूर्ति को नुकसान पहुंचा सकते हैं ऐसे में किसी भी तरह के हंगामे को रोकने के लिए प्रशासन को पहले ही कार्रवाई करते हुए ग्रिल लगवानी चाहिए.

