ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) आंधी-पानी और ओलावृष्टि ने ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. सेंट्रल और चंदारी के बीच गेट नंबर 80 के पास पेड़ की डाल टूटकर ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन (ओएचई) पर गिर गई. स्पार्किंग के साथ लाइन टूटी तो बिजली सप्लाई बंद हो गई. इसके चलते 24 ट्रेनें फंस गईं. कालका मेल, सीमांचल, महानंदा एक्सप्रेस, उड़ीसा संपर्क क्रांति, फर्रुखाबाद पैसेंजर और बालामऊ पैसेंजर सेंट्रल पर अलग-अलग प्लेटफार्मों पर खड़ी रहीं. इस दौरान दिल्ली-हावड़ा रूट पर भी असर पड़ा. चौरीचौरा, जोधपुर-हावड़ा, गुवाहाटी एक्सप्रेस सहित 18 ट्रेनें रास्ते में फंस गईं. 57 मिनट में लाइन क्लीयर हुई, तब जाकर संचालन शुरू हो सका.
कटहरीबाग से चंदारी तक आफत बने पेड़
रेलवे इंजीनियरिंग दल के मुताबिक कटहरीबाग पुल के नीचे से लेकर चंदारी स्टेशन तक पुराने और नए 38 पेड़ों की डाल ट्रैक किनारे आ गई हैं. इस वजह से आंधी-पानी के दौरान डाल टूटने पर ओएचई लाइन टूटने की आशंका बनी रहती है.
गोविंदनगर में दीवार गिरी, जूही अंडरपास लबालब
गोविंदनगर के तीन ब्लॉक निवासी रुपिंदर सिंह रॉकी दुकानों के ऊपर दूसरी मंजिल पर निर्माण करा रहे हैं. दोपहर में आंधी के दौरान दीवार भरभरा कर गिर गई. इसकी चपेट में आने से कॉस्मेटिक दुकान संचालक संजय धानी की स्कूटी छतिग्रस्त हो गई. वहीं, बारिश से जूही खलवा पुल लबालब हो गया. इससे अफीम कोठी से हमीरपुर रोड पर उत्तर से दक्षिण इलाकों की कनेक्टिविटी ही बंद हो गई. घंटों तक नगर निगम की टीम नहीं पहुंची, जिससे राहगीर हलकान हो गए. गोविंदगगर, बर्रा, नौबस्ता और किदवईनगर में पानी भरने से आवागमन बाधित हुआ. वहीं, बिधनू, सचेंडी, घाटमपुर क्षेत्र में भीषण ओलावृष्टि ने किसानों को बेहाल कर दिया. खेतों में पानी भरने से कटी पड़ी गेहूं की फसल चौपट हो गई.

