ABC NEWS: पिछले दिनों प्रयागराज में मारे गए अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता प्रवीण और उसके खास गुर्गे बमबाज गुड्डू मुस्लिम तक पुलिस नहीं पहुंच पा रही है. उमेश पाल हत्याकांड के बाद से दोनों फरार हैं और अब तक उनको दबोचा नहीं जा सका है. यूपी एसटीएफ उत्तर प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों में भी दबिश दे रही है. दोनों की तलाश दिल्ली, गुजरात से छत्तीसगढ़ तक में की जा रही है. खबर यह भी थी कि दोनों सरेंडर कर सकते हैं, लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हुआ है.
बताया जा रहा है कि शाइस्ता की तलाश में प्रयागराज क्राइम ब्रांच की एक टीम दिल्ली पहुंची है. दिल्ली में ही शाइस्ता का बेटा असद छिपा था. हालांकि अभी तक सटीक लोकेशन नहीं मिली है. एसटीएफ की प्रयागराज, नोएडा, वाराणसी, लखनऊ समेत कई जगह की टीमें लगी हुई हैं. गौरतलब है कि एनकाउंटर में मारा गया अतीक का बेटा असद भी लंबे समय तक दिल्ली में छिपा रहा था. यहां उसके मददगारों की तलाश की जा रही है. माना जा रहा है इनमें से किसी ने शाइस्ता को भी छिपाने में मदद की होगी.
छत्तीसगढ़ में गुड्डू मुस्लिम की तलाश
बम बनाने और इससे हत्या करने का एक्सपर्ट गुड्डू मुस्लिम उमेश पाल हत्याकांड का अहम किरदार है. उसने उमेश पाल पर भी बम बरसाए थे और ऐसा करता हुआ सीसीटीवी में कैद हुआ था. हत्याकांड के बाद फरार गुड्डू मुस्लिम की तलाश में देश के कई हिस्सों में दबिश दी जा रही है. इस बीच 5 लाख के इनामी बदमाश की तलाश छत्तीसगढ़ में भी की जा रही है. पता चला है कि महासमुंद के एक बदमाश के संपर्क में वह आया था. सूत्रों के मुताबिक, एसटीएफ ने उस बदमाश के घर पर भी दबिश दी है. गुड्डू मुस्लिम का लोकेशन छत्तीसगढ़ की सीमा में ट्रेस किया गया था.

