ABC NEWS: आईपीएल 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम जीत की पटरी पर लौट आई है. 20 अप्रैल (गुरुवार) को मोहाली के पीसीए स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 24 रनों से हरा दिया. 175 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए पंजाब की टीम 18.2 ओवरों में 150 रनों पर ढेर हो गई. इस जीत के बाद आरसीबी की टीम अंकतालिका में पांचवें नंबर पर आ गई है.
आरसीबी की जीत के हीरो कार्यवाहक कप्तान विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस रहे, जिन्होंने शानदार पारियां खेलीं. गेंदबाजी में आरसीबी की ओर से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने भी कहर बरपाया और चार विकेट चटकाए. सिराज ने लियाम लिविंग स्टोन, अथर्व तायडे, हरप्रीत बराड़ और नाथन एलिस को चलता किया.
???? ?? ??????? ???? ?@RCBTweets clinch a 24-run victory over #PBKS in Mohali ??
Scorecard ▶️ https://t.co/CQekZNsh7b#TATAIPL | #PBKSvRCB pic.twitter.com/RGFwXXz5eC
— IndianPremierLeague (@IPL) April 20, 2023
पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा रन प्रभसिमरन सिंह ने बनाए. प्रभसिमरन ने 30 गेंद पर 46 रनों की पारी खेली, जिसमें चार छक्के और तीन चौके शामिल रहे. वहीं विकेटकीपर 41 रनों का योगदान दिया. आरसीबी की ओर से स्पिनर वानिंदु हसारंगा ने भी दो खिलाड़ियों को आउट किया. वहीं हर्षल पटेल और वेन पार्नेल को एक-एक सफलता मिली. पंजाब किंग्स के दो खिलाड़ी (सैम कुरेन और हरप्रीत भाटिया) रनआउट भी हुए.
कोहली-डु प्लेसिस ने बल्ले से किया कमाल
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की टीम को कार्यवाहक कप्तान विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस ने काफी धमाकेदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने पावरप्ले में बिना विकेट खोए 59 रन जोड़े. कोहली ने अर्शदीप सिंह पर दो चौके मारे, जबकि डुप्लेसिस ने हरप्रीत बराड़ पर दो छक्के जड़े. डुप्लेसिस ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए तेज गेंदबाज नाथन एलिस पर अपना तीसरा छक्का जड़ा.

डुप्लेसिस ने लियाम लिविंगस्टोन का स्वागत चौके के साथ किया और फिर इस स्पिनर पर एक रन के साथ 31 गेंदों में इस सीजन का चौथा अर्धशतक पूरा किया. आरसीबी के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ. पंजाब के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में रन गति में कुछ हद तक अंकुश लगाया.
कोहली ने 14वें ओवर में अर्शदीप पर चौके के साथ 40 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने अगले ओवर में एलिस पर छक्का जड़ा, जिससे आरसीबी ने 15 ओवर में बिना विकेट खोए 130 रन बनाए. डुप्लेसिस अगले ओवर में कुरेन की गेंद को हवा में लहरा बैठे, लेकिन विकेटकीपर जितेश शर्मा ने कैच टपका दिया.
दोनों के बीच हुई 137 रनों की पार्टनरशिप
जितेश ने हालांकि अगले ओवर में हरप्रीत की गेंद पर लेग साइड की तरफ कोहली का शानदार कैच लपका. कोहली ने 47 गेंदों का सामना करते हुए 59 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान कोहली के बल्ले से पांच चौके और एक छक्का निकला. कोहली और डु प्लेसिस के बीच 137 रनों की पार्टनरशिप हुई. अगली गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल (0) भी प्वाइंट पर अथर्व तायडे को कैच दे बैठे.
इसके बाद डुप्लेसिस ने हरप्रीत और एलिस पर छक्के मारे, लेकिन इसके बाद एलिस की गेंद को बाउंड्री पर कुरेन के हाथों में खेल गए जिससे टीम का स्कोर तीन विकेट पर 151 रन हो गया. डु प्लेसिस ने 56 गेंदों पर 84 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और पांच छक्के शामिल रहे.दिनेश कार्तिक (7) अर्शदीप पर चौका मारा, लेकिन फिर डीप स्क्वायर लेग पर तायडे के हाथों लपके गए.
लगातार अंतराल पर चार विकेट गिरने के चलते आरसीबी की टीम 20 ओवर्स में चार विकेट पर 174 रन ही बना सकी. पंजाब की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बराड़ सबसे सफल रहे जिन्होंने 31 रन देकर दो विकेट चटकाए. अर्शदीप सिंह और नाथन एलिस को एक-एक विकेट मिला.

