ABC News: पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो भारत यात्रा पर आएंगे. बिलावल की यह यात्रा अगले महीने के शुरूआत में 4 मई को होगी. वर्ष 2014 में तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बाद यह किसी सत्तारूढ़ पाकिस्तानी नेता की पहली भारत यात्रा होगी.

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, आगामी 4 मई को भारत में चीन की अगुवाई वाले शंघाई सहयोग संगठन की बैठक होगी. इस संगठन में चीन, रूस, पाकिस्तान, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और तजाकिस्तान शामिल थे, बाद में इसमें भारत भी शामिल हो गया. इस बार जबकि SCO की बैठक भारत में होना तय हुई तो पाकिस्तान ने ऐतराज जताया, लेकिन अब खबर है कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो इस बैठक में हिस्सा लेंगे. बिलावल के SCO मीटिंग में हिस्सा लेने की अटकलें पाकिस्तानी मीडिया में भी लगाई जा रही थीं. बता दें कि बिलावल भुट्टो पाकिस्तान के सबसे युवा मंत्रियों में से एक हैं. उनकी उम्र 34 साल है. वह पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के बेटे हैं. बिलावल का जन्म 21 सितंबर 1988 में पाकिस्तान के कराची शहर में हुआ था. उन्होंने अपनी पढ़ाई विदेश से पूरी की. 27 अप्रैल 2022 को बिलावल मुल्क के 37वें विदेश मंत्री नियुक्त किए गए. वो जिस पार्टी में हैं, उसे ‘पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी’ कहते हैं.

