ABC NEWS: चुनावों के दौरान दलबदल तो आम बात है. टिकट के लिए अपनी पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में नेता जाते ही रहते हैं. कई बार दूसरी पार्टी से टिकट मिलता है. कई बार दल बदलने के बाद आश्वासन के भरोसे ही अगले चुनाव का इंताजार करते हैं. बनारस में एक ऐसा दलबदल हुआ है जो चर्चा का विषय बना हुआ है. यहां की गंगापुर जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए निवर्तमान चेयरमैन को जब लगा कि उन्हें अपनी ही पार्टी कांग्रेस में इस बार तवज्जो नहीं मिलेगी तो उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया. भाजपा ने उन्हें लपका और टिकट भी पकड़ा दिया. उधर, भाजपा में दावेदारी कर रहे नेताजी की उम्मीदों पर कुठाराघात हो गया. उन्होंने भी भाजपा छोड़ी और कांग्रेस में पहुंच गए. ताज्जुब की बात देखिए। कांग्रेस ने भी उन्हें हाथों हाथ लिया और टिकट दे दिया.
लंबे समय तक कांग्रेसी रहे नेताजी के भाजपा की तरफ से बैटिंग करने और भाजपाई रहे नेताजी के कांग्रेसी होने से यहां का चुनाव रोचक हो गया है. वाराणसी में नगर निगम के अलावा एक ही नगर पंचायत है. ऐसे में अब मेयर के साथ ही नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनाव पर सभी की नजरें रहेंगी. यह देखना मजेदार होगा कि लोग इन दोनों दलबदलू में से किसी को चुनते हैं या दोनों की ही उम्मीदें धराशाई कर सपा या आप के प्रत्याशी को वोट देते हैं. फिलहाल नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए सपा-भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की ओर से नामांकन दाखिल किया गया है.

