ABC NEWS: आईपीएल 2023 का आगाज काफी शानदार हुआ था. पहले ही मैच में गुजरात टाइटन्स ने चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को हरा दिया था. हालांकि टूर्नामेंट के दौरान और उससे पहले खिलाड़ियों का चोटिल होने का सिलसिला जारी है. आईपीएल के 16वें सीजन को शुरू हुए एक हफ्ते का समय बीत चुका है और इस दौरान कई बड़े खिलाड़ी टूर्नामेंट के दौरान चोटिल हुए हैं. केन विलियमसन, रीस टॉपली जैसे खिलाड़ियों को चोट के कारण टूर्नामेंट से हटना पड़ा है. चोटिल खिलाड़ियों की सूची में राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज जोस बटलर का नाम भी जुड़ गया है, जोकि राजस्थान के लिए अच्छी खबर नहीं है.
राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल 2023 का 11वां मैच खेला जाएगा. लेकिन दोनों टीमों को मैच शुरू होने से पहले झटका लगा है. दिल्ली कैपिटल्स के स्टार ऑलराउंडर मिचेल मार्श अपनी शादी के कारण घर वापस जा रहे हैं और एक हफ्ते के लिए आईपीएल से दूर रहेंगे, जबकि राजस्थान रॉयल्स के स्टार सलामी बल्लेबाज जोस बटलर पंजाब किंग्स के खिलाफ हुए मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए थे. उनकी अंगुली में चोट लगी थी, जिसकी वजह से उनके अगले मैच (राजस्थान बनाम दिल्ली) में खेलने पर संशय बरकरार है. जोस बटलर खेलेंगे या नहीं ये तय करने के लिए राजस्थान रॉयल्स मेडिकल स्टाफ की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है.
दिल्ली कैपिटल्स के स्टार ऑलराउंडर मिचेल मार्श आईपीएल 2023 के शुरू होने से पहले जबर्दस्त फॉर्म में थे. लेकिन टूर्नामेंट के शुरू होने के बाद से उनका बल्ला शांत है. आईपीएल 2023 में मिचेल मार्श ने अभी तक दो मुकाबले खेले हैं और दोनों ही मैचों में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है, जिसके कारण टीम को नुकसान भी हुआ है. लखवऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पहले मैच में वह खाता भी नहीं खोल सके. दूसरे मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 4 रन बनाए और एक विकेट लिया था.
राजस्थान रॉयल्स के लिए जोस बटलर का चोटिल होना अच्छी खबर नहीं है. जोस बटलर शानदार फॉर्म में हैं और वह टीम को फाइनल तक पहुंचाने का दम रखते हैं. आईपीएल 2023 के अपने पहले मैच में बटलर ने 54 रन की दमदार पारी खेली थी, जबकि दूसरे मैच में चोटिल होने के बावजूद उन्होंने 19 रन बनाए.

