ABC News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां के बेटे पूर्व विधायक अब्दुल्ला के दो दोस्तों अनवार और सालिम को पुलिस ने फिर गिरफ्तार किया है. दोनों की गिरफ्तारी गैंगस्टर के मुकदमे में की है. इस मुकदमे में दोनों फरार चल रहे थे. पुलिस अधीक्षक ने उनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया था.

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला ने गुरुवार को उनकी गिरफ्तारी की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अब्दुल्ला आजम के दोस्त अनवार और सालिम का पिछले साल जुआ खेलते वीडियो वायरल हुआ था. 16 जुलाई 2022 को पुलिस ने इस मामले में सिविल लाइंस कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की थी, जबकि 19 सितंबर 2022 को दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने जौहर यूनिवर्सिटी से नगर पालिका की सफाई मशीन बरामद की थी, जिसे टुकड़े करके यूनिवर्सिटी परिसर में जमीन में दबा दिया था. शहर कोतवाली पुलिस ने इन टुकड़ों को बरामद कर आजम खां और अब्दुल्ला के दोस्तों के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की थी. इन दोनों मुकदमों को आधार बनाकर शहर कोतवाली पुलिस ने अब्दुल्ला के दोस्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में भी 22 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज की थी. इस प्राथमिकी में अनवार और सालिम के अलावा तालिब व गौतमबुद्धनगर (नोएडा) जिले के थाना नालिज पार्क तीन के ग्राम तुगलपुर का प्रदीप कुमार को नामजद किया था.

