ABC News: लोकसभा की सदस्यता रद्द किए जाने पर अब राहुल गांधी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. राहुल गांधी ने कहा कि मैं हर कीमत चुकाने के लिए तैयार हूं. मैं भारत की आवाज के लिए लड़ रहा हूं. मानहानि मामले में गुजरात की सूरत कोर्ट की ओर से दो साल की सजा सुनाए जाने के बाद आज यानी शुक्रवार को राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गई.
मैं भारत की आवाज़ के लिए लड़ रहा हूं।
मैं हर कीमत चुकाने को तैयार हूं।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) March 24, 2023
बता दें कि सूरत की अदालत ने गुरुवार को ‘मोदी सरनेम’ को लेकर दिए गए बयान पर राहुल गांधी के खिलाफ 2019 में दर्ज आपराधिक मानहानि के एक मामले में दो साल कारावास की सजा सुनाई थी. हालांकि कोर्ट ने जमानत दे दी और उनकी सजा के अमल पर 30 दिनों तक के लिए रोक लगा दी, ताकि कांग्रेस नेता फैसले को चुनौती दे सकें. इस बीच लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी की सदस्यता रद्द किए जाने का नोटिफिकेशन जारी किया है. लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि उनकी अयोग्यता संबंधी आदेश 23 मार्च से प्रभावी होगा. इस फैसले पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि कानूनी और राजनीतिक लड़ाई जारी रहेगी. साथ ही पार्टी ने आंदोलन की चेतावनी दी है. सूरत कोर्ट के गुरुवार के फैसले पर भी राहुल गांधी ने ट्वीट किया था. उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बयान को कोट करते हुए ट्वीट किया, ”मेरा धर्म सत्य और अहिंसा पर आधारित है. सत्य मेरा भगवान है, अहिंसा उसे पाने का साधन.”

