ABC News: माफिया अतीक के सरकारी सुरक्षा कर्मी रहे एहतेशाम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. पुलिस का मानना है कि उमेश पाल हत्याकांड में उसका भी हाथ हो सकता है. ऐसे में जल्द ही एहतेशाम की गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा हो सकती है. माना जा रहा है कि एहतेशाम भी अतीक के शूटर के तौर पर काम करता था.

अतीक के जेल जाने के बाद से वह गायब है. वर्ष 2004 में फूलपुर से सांसद चुने गए माफिया अतीक अहमद को सरकारी सुरक्षा मुहैया कराई गई थी. उनका एक सरकारी गनर सराय अकिल कोतवाली के पुरखास गांव का रहने वाला एहतेशाम भी था. 25 जनवरी 2005 को राजू पाल हत्याकांड के बाद जब अतीक अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा तो एहतेशाम लापता हो गया. एहतेशाम ने पुलिस लाइन में भी अपनी आमद नहीं दर्ज कराई. मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया. 24 फरवरी को राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल व दो सरकारी गनर की हत्या के बाद एक बार फिर एहतेशाम का नाम सुर्खियों में आया. पुलिस उसकी कुंडली खंगाल रही है. जल्द ही उस पर भी इनाम घोषित हो सकता है. हालांकि, पुलिस अफसर अभी इस बाबत कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं. उनका कहना है कि एहतेशाम को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है. इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.

