ABC NEWS: उमेश पाल हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे सदाकत खान को लेकर अब भाजपा और सपा के बीच फोटो वार शुरू हो गई है. इसमें एक तरफ जहां बीजेपी, सदाकत को सपा का करीबी बता रही है वहीं सपा ने भी सदाकत की तस्वीर साझा की है. इस तस्वीर में सदाकत भाजपा विधायक नीलम कावरिया के पति उमेश के साथ दिख रहा है.
सदाकत को एसटीएफ ने गोरखपुर से गिरफ्तार कर प्रयागराज पुलिस को सौंपा है. बताया जा रहा है कि वह अतीक अहमद के परिवार का करीबी रहा है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक सदाकत, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हॉस्टल मुस्लिम बोर्डिंग हाउस में अवैध रूप से रहता था. उमेश पाल की हत्या की साजिश उसी के कमरे में रची गई थी.
गाजीपुर जिले के बारा निवासी शमशाद का 27 साल का बेटा सदाकत मुस्लिम बोर्डिंग हाउस के कमरा नंबर 36 में अवैध रूप से रहता था. विधि की पढ़ाई करके उसने हाईकोर्ट में रजिस्ट्रेशन कराया था. उमेश पाल मर्डर केस में शामिल शूटर गुलाम से उसकी अच्छी दोस्ती थी. गुलाम छात्रावास में आता जाता था. वहीं पर अतीक के बेटे को बुलाया गया. अतीक के बेटे ने उमेश पाल की हत्या की साजिश रची. शूटर मुहैया कराया गया। सदाकत व्हाट्सएप कॉल के जरिए आरोपियों के संपर्क में था. 24 फरवरी को उमेश पाल की हत्या के बाद सदाकत गोरखपुर भाग निकला.
एसटीएफ उसे गोरखपुर से गिरफ्तार कर प्रयागराज ले आई. सोमवार को पुलिस अधिवक्ता सदाकत की निशानदेही पर एमबी हाउस में उसके कमरे की तलाशी लेने पहुंची. कमरे से आपत्तिजनक सामान मिले. उसके मोबाइल की जांच की गई तो पता चला कि वह व्हाट्सएप कॉल करके अतीक के बेटे से बात करता था. गुलाम समेत अन्य आरोपियों से बातचीत की बात भी सामने आई है. इस दौरान हॉस्टल में भीड़ जुटने लगी. तभी सदाकत ने मौके का फायदा उठाकर वहां से भागने की कोशिश की. पुलिस आयुक्त रमित शर्मा ने बताया कि डिवाइडर से टकराकर सदाकत जख्मी हो गया. पैर में चोट आई है.
अपराधियों का साथी कैसे बना सदाकत
गाजीपुर से पढ़ाई करने आया सदाकत इलाहाबाद हाईकोर्ट का वकील बन गया. सवाल यह है कि वह अपराधियों के संपर्क में कैसे आ गया. एडीजी एसटीएफ के मुताबिक सदाकत को इस गैंग ने लालच दिया था कि इलाके में विवादित जमीनों के सौदे और उनसे जुड़े तमाम कानूनी मामले में उसे ही वकील बनाया जाएगा. इसी लालच में वह इस गैंग में शामिल हो गया. बता दें कि पुलिस के साथ एसटीएफ भी उमेश पाल के हत्यारोपियों की तलाश में लगी थी. गुलाम की कॉल डिटेल खंगाली गई तो पता चला कि वह मुस्लिम बोर्डिंग हाउस में रहने वाले अधिवक्ता सदाकत के संपर्क में था. दोनों की हॉस्टल में बैठकें होती थीं, लेकिन उसे ट्रेस करके पकड़ा गया. पूछताछ में सदाकत ने पूरी कहानी सुनाई.
अतीक के बेटे के साथ भी तस्वीर वायरल
सदाकत की तस्वीर अतीक अहमद के बेटे अली अतीक अहमद के साथ भी वायरल है. बता दें कि पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों के खिलाफ इनाम घोषित कर रखा है.

