ABC NEWS: समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के मंत्री संजय निषाद और आशीष पटेल को छुटभैया नेता कहने पर बवाल शुरू हो गया. लखनऊ में निषाद पार्टी ने पैदल मार्च निकाला. विक्रमादित्य मार्ग से जीपीओ की ओर बढ़ रहे सैकड़ों की संख्या में निषाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश के खिलाफ पैदल मार्च निकालकर उनके दिये गए बयान को वापस लेने की मांग की. निषाद पार्टी का कहना है कि अखिलेश यादव को माफी मांगनी चाहिए. मछुवारे समाज का अपमान किया है.
आपत्तिजनक बयान को लेकर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने नाराजगी जाहिर की. उनके आह्वान पर कार्यकर्ता शनिवार को सड़क पर उतर आए. पार्टी की मांग है कि अखिलेश अपना बयान वापस लें. डॉ. संजय ने कहा कि उनके जैसी पदवी वाले नेता को ऐसे बयान नहीं देने चाहिए.
दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार दोपहर नोएडा पहुंचे थे. वह दिल्ली से डीएनडी होते हुए कार से नोएडा पहुंचे। सेक्टर-63 स्थित हजरतपुर वाजिदपुर गांव में राजपाल सिंह यादव की प्रतिमा का अनावरण किया. यहां एक जनसभा को भी संबोधित किया. जनसभा में जातिगत जनगणना की खूब पैरवी की. उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर सपा जातिगत जनगणना कराएगी. पूर्व सीएम ने योगी सरकार के मंत्री संजय निषाद और आशीष पटेल को छुटभैया नेता बताते हुए कहा कि इस मुद्दे पर पीएम और सीएम को अपनी राय रखनी चाहिए.

