ABC NEWS: कानपुर के सामूहिक विवाह में दो हैरान करने वाले मामले सामने आए. तनु और आकाश एक-दूजे के साथ सात जन्म के बंधन में बंधने के लिए सामूहिक विवाह समारोह पहुंचे. खुशी-खुशी जब शादी के मंडप पर पहुंचे तो उन्हें शादी करने से रोक दिया गया। उनका नाम शादी करने वाले जोड़ों की लिस्ट में नहीं था. बाद में पता चला कि वे ठगी का शिकार हो गए हैं. आर्थिक तौर पर कमजोर दोनों परिवारों ने अधिकारियों के आगे मिन्नतें मांगे, लेकिन उन्होंने नियमों के आगे हाथ खड़े कर दिए.
वहीं, दूसरे मामले में दुल्हन सज-धजकर तैयार होकर इंतजार करती रही, लेकिन दूल्हा नहीं आया. मां फोन करती रही। बुलाने के लिए घर भी भेजा, पर कोई मिला नहीं. इसके बाद दुल्हन रोते हुए घर चली गई.

6 हजार रुपए लेकर फरार हो गया शख्स
कांशीराम कॉलोनी सनिगवां निवासी संध्या उर्फ तनु पिता राजू और अन्य रिश्तेदारों के साथ कानपुर नगर निगम द्वारा मोतीझील लॉन में सामूहिक विवाह में शादी करने के लिए पहुंची थी. कर्नलगंज निवासी पति आकाश तिवारी भी उनके साथ था. जब मौके पर पहुंचे तो पता चला उनका नाम लिस्ट में नहीं है. आकाश ने बताया कि एक संस्था ने उनका विवाह कराने के नाम पर 6 हजार रुपए लिए थे, लेकिन अब वो व्यक्ति गायब है. उसका नंबर भी ऑफ है.
पुलिस से की शिकायत
लिस्ट में नाम न होने पर परिजनों ने अधिकारियों से काफी सवाल-जवाब पूछे. आकाश ने इसकी शिकायत पुलिस से भी की है. मामले में अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव से की है. आकाश ने बताया कि हम दोनों ही परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं. इसलिए सामूहिक विवाह में शादी करने आए थे. मां ने पैसे जोड़-जोड़कर 6 हजार रुपए एकत्रित कर दिए थे. अब टप्पेबाजी हो गई.

दुल्हन को छोड़कर भाग गया दूल्हा
सामूहिक विवाह समारोह में एक ऐसा भी मामला आया कि दुल्हन दूल्हे का इंतजार करती रही, लेकिन दूल्हा आया ही नहीं. ढकनापुरवा निवासी रोशनी पिता सुरेश कुमार और अपने परिवार के साथ शादी करने के लिए पहुंचे थे. उन्होंने नगर निगम से उपहार भी ले लिए. रश्में शुरू होने के बाद भी जब दूल्हा नहीं आया तो परिवार से संपर्क किया गया.
कंचनपुरवा, शुक्लागंज निवासी दूल्हा दीपक कुमार ने शादी करने से इंकार कर दिया. रोशनी के भाई बाबू कुमार ने बताया कि 6 महीने पहले रिश्ता तय हुआ था, लेकिन मौके पर दीपक ने शादी करने से इंकार कर दिया. रोशनी ने शादी का सारा समान नगर निगम को वापस कर लौट गए.

