ABC News: विश्व कैंसर दिवस पर आरोग्यधाम, ग्वालटोली में आयोजित संगोष्ठी में कैंसर की रोकथाम, उपचार आदि विषयों पर चर्चा की गई. होम्योपैथिक चिकित्सकों का कहना है कि अगर शुरूआती लक्षण का जल्द पता लग जाए, तो इस विधा में कैंसर को बिना किसी साइड इफेक्ट के ठीक किया जा सकता है.

आरोग्यधाम, ग्वालटोली में आयोजित संगोष्ठी में बोलते हुए वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. हेमंत मोहन ने कहा कि कैंसर का नाम सुनकर लोग काफी ज्यादा घबरा जाते हैं. उन्होंने कहा कि घबराने की जगह इस बीमारी का क्या उपचार हो सकता है, इसके बारे में सोचना चाहिए. उन्होंने कहा कि शुरूआती चरण में पता लगने पर होम्योपैथी में इसका निदान संभव है. स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. आरती मोहन ने कहा कि महिलाओं में ब्रेस्ट में किसी प्रकार की गांठ एवं मासिक धर्म लंबे समय से ना रुक रहा हो तो इसके लिए मैमोग्राफी, बायोप्सी एवं एफएनएसी जांच कराकर इसकी पुष्टि कर लेनी चाहिए कि कहीं वह कैंसर तो नहीं है लेकिन किसी भी तरह से घबराने की जरूरत नही है. आरोग्यधाम के संस्थापक आरआर मोहन ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति के जरिए ही कैंसर पर जीत हासिल की जा सकती है. कार्यक्रम में मनीष भल्ला, ईशान गुप्ता, हर्षित त्रिपाठी, सिराज आलम, कशिश गुप्ता, श्रुति, राजेश शुक्ला, अशोक मोहन समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

