ABC News: अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि रामचरितमानस करोड़ों हिंदुओं के दिलों में बसता है. कोई व्यक्ति रामचरित मानस का विरोध कर उसके महत्व को कम नहीं कर सकता. रामचरितमानस से हिंदुओं की आस्था जुड़ी है. वह बलिया के टाउन हाल बापू भवन में आयोजित हिंदू ही आगे, विषय पर गोष्ठी में बतौर मुख्य वक्ता बोल रहे थे.

उन्होंने कहा कि मानस की प्रत्येक चौपाई महामंत्र के समान हैं. जनसंख्या नियंत्रण कानून के विषय में कहा कि हम दो बच्चे पैदा करें, वो पांच पैदा कर यहां राज करें, यह नहीं चलेगा. बहुत कोशिशों के बाद राम मंदिर बन रहा है, अगर जनसंख्या नियंत्रण कानून नहीं लाया गया तो 50 साल बाद राम मंदिर भी सुरक्षित नहीं रहेगा. हिंदुओं की आस्था पर कोई बोलता है तो उसे नजरअंदाज करिए. लोकप्रियता पाने के लिए कुछ लोग ऐसा कहते हैं. बता दें कि उत्तर प्रदेश में इन दिनों रामचरित मानस विवाद गरमाया हुआ है. सपा एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य की विवादित टिप्पणी के बाद इस मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इस विषय पर पार्टी का रुख साफ करते हुए कहा कि किसी को भी रामचरित मानस पर आपत्ति नहीं है लेकिन जिन चौपाइंयों पर प्रश्न खड़े किए गए हैं उनके जवाब दिए जाने चाहिए. उन्होंने कहा कि मैं सदन में भी इस विषय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल करूंगा क्योंकि वह इस विषय के जानकार हैं.

