ABC NEWS: करीब ढाई महीने से कानपुर शहर के अंदर तेंदुआ घूम रहा है, लेकिन वन कर्मी आज तक उसे पकड़ नहीं सके हैं. बीते डेढ़ महीने से गायब तेंदुआ एक बार फिर सामने आ गया है. अर्मापुर स्थित स्मॉल आर्म्स फैक्ट्री के जंगलों में 2 दिनों से तेंदुआ देखा जा रहा है. वन कर्मी तेंदुए की तलाश में जुट गए हैं.
लगाए गए कैमरे, बंदर का भी किया शिकार
जंगलों में उसके पंजों के निशान भी मिले हैं. उसने कुत्तों और एक बंदर का भी शिकार किया है, जिसके कारण फैक्ट्री और उसके आसपास के क्षेत्र के लोगों में दहशत है. तेंदुए के दिखने पर वन विभाग ने टीमें तैनात कर दी गई हैं. एसएएफ और ओएफसी में तीन कैमरे भी लगाए गए हैं.

सुरक्षा कर्मियों ने देखा है तेंदुआ
सीसीटीवी कैमरों के जरिये भी क्षेत्र की निगरानी की जा रही है. वन विभाग ने स्मॉल आर्म्स फैक्ट्री में एक पिंजरा भी पहुंचाया है, जिसे आज लगाया जा रहा है. डीएफओ कानपुर नगर श्रद्धा यादव ने बताया कि तेंदुए को फैक्ट्री के सुरक्षा कर्मियों ने देखा है.
नवंबर में देखा गया था तेंदुआ
आखिरी बार तेंदुए को नवंबर महीने में देखा गया था जिसके बाद से वह गायब था. आईआईटी और एनएसआई में उसके न दिखने पर दोनों ही जगह से वन कर्मियों को करीब दो महीने की तैनाती के बाद हटा लिया गया था. अब फिर नए क्षेत्र में तेंदुए के दिखने के बाद वन कर्मियों की तैनाती शुरू कर दी गई है.
लोगों को सतर्क रहने की हिदायत
शुक्रवार को सुबह से ही वन कर्मियों ने जंगल में गश्त शुरू कर दी है. वन अधिकारी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तेंदुए के रूट को चिह्नित करने में जुटे हुए हैं. साथ ही, सीसीटीवी फुटेज वाले स्थान के आसपास की जांच की जा रही है. लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है.

