ABC NEWS: कानपुर-उन्नाव शिक्षक और स्नातक MLC सीट पर नामांकन का आज आखिरी दिन है. BJP कैंडिडेट अरुण पाठक के प्रचार के लिए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक कानपुर पहुंचे थे. सरसैया घाट तक जाने वाली रोड पर जाम लगा था. कानपुर के जाम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी फंस गए.

कोई और तरीका न देखकर वो कार से उतर पड़े. भीड़ के साथ वो पैदल ही 500 मीटर दूर आयोजन स्थल के लिए चल पड़े. इस दौरान करीब 1 किमी की दूरी में गाड़ियां फंसी नजर आईं. ट्रैफिक पुलिस जाम खुलवाने में लगी रही, मगर वीआईपी मूवमेंट और जाम में लोग परेशान होते रहे. डिप्टी सीएम को नामांकन जनयात्रा में शामिल होना है, जोकि कमिश्नर कार्यालय तक जानी है.
अरुण पाठक तीसरी बार प्रत्याशी घोषित
कानपुर में खंड स्नातक और शिक्षक एमएलसी के लिए भाजपा ने प्रत्याशियों की सोमवार देर रात घोषणा कर दी थी. कानपुर-उन्नाव स्नातक के लिए पार्टी के वर्तमान एमएलसी अरुण पाठक को बीजेपी ने तीसरी बार प्रत्याशी बनाया. जबकि शिक्षक एमएलसी सीट पर पहली बार उतर रही भाजपा ने उन्नाव के युवा नेता वेणुरंजन भदौरिया पर भरोसा जताया है. आज भी नामांकन दाखिल किए जाएंगे.
शिक्षक सीट पर संघ से उतारा चेहरा

अरुण पाठक और वेणुरंजन भदौरिया.
स्नातक सीट लंबे समय तक कांग्रेस के पास रही है। पहली बार 2014 में उप चुनाव में इस सीट पर भाजपा ने अरुण पाठक के रूप में जीत हासिल किया था. तब से यह सीट भाजपा के पास बनी हुई है. अरुण पाठक पेशे से शिक्षक हैं. वहीं वेणुरंजन संघ से ताल्लुक रखते हैं. 38 वर्षीय वेणुरंजन भदौरिया वर्तमान में भाजपा के साहित्य एवं प्रचार विभाग के प्रदेश सह संयोजक हैं.

ये करा चुके हैं नामांकन
कानपुर नगर-उन्नाव-कानपुर देहात स्नातक खंड निर्वाचन में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी कमलेश यादव और माध्यमिक शिक्षणेत्तर एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री संतोष तिवारी बतौर निर्दलीय नामांकन कर चुके हैं. शिक्षक खंड में संजय मिश्र के अलावा पहले से नामांकन कर चुके हेमराज सिंह गौर, भाजपा से वेणु गोपाल भदौरिया व सपा से प्रियंका भी नामांकन दाखिल कर चुके हैं.

