ABC News: कानपुर में ठंड के तेवर बरकरार हैं. मंगलवार को धूप निकली तो लोगों को राहत नसीब हुई लेकिन बुधवार को फिर से मौसम ने पलटी मारी और कोहरे संग बर्फीली हवाओं ने ठंड के तेवरों में और ज्यादा इजाफा कर दिया. कोहरे की वजह से सुबह के समय दृश्यता भी काफी कम रही. बुधवार को न्यूनतम पारा 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

हालांकि, दोपहर होते होते कोहरे के तेवर तो कुछ नरम पड़े लेकिन गलन की वजह से लोग बेहाल देखे गए. ठंड की वजह बच्चे और बुजुर्ग अपने घरों में दुबके रहे. हीटर, ब्लोअर का सहारा उन्हें राहत देते हुए नजर आया. दोपहर एक बजे तक ठंड की वजह से बाजारों में भी वैसी भीड़ नजर आयी.हर कोई बस सर्दी से बचने की कवायद में लगा रहा. कोहरे का असर सड़क से लेकर हवाई मार्ग तक पड़ा. कोहरे की वजह से जहां बसों से लेकर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा, वहीं फ्लाईट्स को लेकर भी असमंजस बना रहा.

