ABC NEWS: आज 07 जनवरी से माघ माह की शुरूआत हुई है. यह 07 जनवरी से लेकर 05 फरवरी तक है. इस पूरे माह में आपको भगवान विष्णु और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करनी चाहिए. माघ मास में भगवान विष्णु और भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करना सरल होता है. माघ माह में प्रयागराज का प्रसिद्ध माघ मेला भी 06 जनवरी से लग गया है, जो महाशिवरात्रि तक रहेगा. माघ माह जहां एक ओर लोगों को भगवत भजन करने की प्रेरणा देता है तो वहीं दूसरी ओर सेहत को लेकर भी जागरूक करता है. माघ माह में स्नान, दान, पूजा पाठ का विशेष महत्व है. इस माह में आप किसी भी तीर्थ में स्नान करें या संभव हो तो प्रयाग के संगम में स्नान करें. संगम स्नान से आपको सहजता से ही भगवा न विष्णु की कृपा प्राप्त हो जाएगी. किन्हीं कारणों से आप तीर्थ स्नान नहीं कर सकते हैं तो घर पर ही नियमपूर्वक स्नान करके लाभ प्राप्त कर सकते हैं.
माघ माह और स्नान के नियम
श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभागाध्यक्ष डॉ मृत्युञ्जय तिवारी बताते हैं कि माघ माह में व्यक्ति को गंगा या संगम का स्नान जरूर करना चाहिए. इस माह में आपको प्रत्येक दिन स्नान करना चाहिए. स्नान के पानी में आप काला तिल मिलाकर कर स्नान करें. इस पूरे माह में आप एक समय ही भोजन करें. कोशिश करें कि सात्विक भोजन हो. माघ माह में लोग शीतल जल से स्नान करना शुरू करते हैं.
जो लोग घर पर ही स्नान करना चाहते हैं, वे लोग पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करें. उसमें भी आप काला तिल मिलाकर स्नान करें. पूरे माघ माह में काला तिल जल में मिलाकर स्नान करने से स्वास्थ्य लाभ होता है. इस समय में व्यक्ति को तिल और गुड़ का सेवन अवश्य करना चाहिए.

माघ मास 2023 में स्नान तिथियां
15 जनवरी, दिन: रविवार- मकर संक्रांति
21 जनवरी, दिन: शनिवार- मौनी अमावस्या
05 फरवरी, दिन: रविवार- माघ पूर्णिमा
18 फरवरी, दिन: शनिवार- महाशिवरात्रि
माघ मास में क्या करें और क्या न करें
1. माघ माह में इंद्रदेव ने गंगा स्नान करके ही गौतम ऋषि के श्राप से मुक्ति पाई थी. इस वजह से माघ माह में गंगा स्नान करने से पाप मिट जाते हैं और पुण्य की प्राप्ति होती है.
2. पूरे माघ माह में भगवान विष्णु और भगवान श्रीकृष्ण का पूजन करें. विष्णु सहस्रनाम और मधुराष्टक का पाठ करें. भगवान की भक्ति को प्राप्त करने के लिए कल्पवास करें.
3. माघ मास में व्यक्ति को ब्रह्मचर्य के नियमों का पालन करना चाहिए.
4. माघ मास के सभी दिनों में आप तुलसी की पूजा करें और गीता का पाठ करें. आपको ईश्वर की कृपा प्राप्त होगी.
5. माघ में आप शनि दोषों से मुक्ति के लिए काले तिल का दान करें और राहु दोष से मुक्ति के लिए गर्म कपड़े या कंबल का दान करें.
6. इस माह में व्यक्ति को मांसाहार, शराब जैसे तामसिक भोजन से दूर रहना चाहिए.
7. इस माह में आलस्य करना, अधिक देर तक सोना और स्नान न करने से सेहत से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं.

