ABC NEWS: UP के कौशाम्बी में दिल्ली में हुई अंजलि केस जैसी घटना सामने आई है. यहां बेकाबू कार ने साइकिल सवार छात्रा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. जिसके बाद छात्रा कार के नीचे फंस गई. फिर कार उसे घसीटते हुए 200 मीटर तक आगे ले गई. मामला मंझनपुर कोतवाली के बाजापुर गांव का है.
जानकारी के मुताबिक, 1 जनवरी की दोपहर को 3 बजे पीड़ित छात्रा अपनी साइकिल पर सवार होकर घर से कंप्यूटर क्लास के लिए निकली थी. लेकिन बाजापुर गांव में बेकाबू कार ने उसे पीछे से टक्कर मार दी. छात्रा के गिरते ही वह कार के नीचे फंस गई और गाड़ी उसे घसीटते हुए 200 मीटर आगे तक ले गई. फिर आगे जाकर कार गड्ढे में जा गिरी.

हादसे में छात्रा बुरी तरह घायल हो गई. आस-पास के लोगों ने आनन फानन में उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज जारी है.
पीड़ित छात्रा की मां ने मंगलवार को थाने में आरोपी कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया. जिसके बाद पुलिस ने आरोपी की कार को जब्त कर लिया है. वहीं मामले में आगामी कार्रवाई जारी है.
दिल्ली की घटना से देश सन्न
वहीं, न्यू ईयर यानि 1 जनवरी को दिल्ली के कंझावला इलाके में 20 वर्षीय अंजलि की मौत ने पूरे देश को अंदर तक झकझोर दिया है. 1 जनवरी को सुबह 2 बजे अंजलि अपनी एक सहेली के साथ स्कूटी पर जा रही थी. तभी एक तेज रफ्तार गाड़ी ने स्कूटी पर टक्कर मारी जिस वजह से अंजलि का पैर गाड़ी में ही जा फंसा. अब नशे में चूर गाड़ी में बैठे आरोपियों को इस बात की भनक ही नहीं लगी और वे गाड़ी को भगाते रहे. कई किलोमीटर तक अंजिल को सड़क पर घसीटा गया. फिर कंझावाला इलाके में पुलिस को एक कार के पीछे शव बंधे होने की सूचना मिली थी. जब पुलिस सूचना पाकर पहुंची, तो शव देखकर हैरान रह गई. उसके जिस्म पर कोई कपड़ा तक नहीं था. लाश की हालत ऐसी थी कि दिल दहल जाए. इसके बाद पुलिस ने थोड़ी दूर से लड़की की स्कूटी बरामद की थी. स्कूटी भी दुर्घटनाग्रस्त थी. अभी के लिए पुलिस ने इस मामले में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में जांच जारी है.

