ABC NEWS: अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सरहद पर बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स यानी BSF ने घुसपैठ का प्रयास विफल कर दिया. इस दौरान एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को भी ढेर किया गया है. तलाश में उसके पास विदेशी बंदूक भी बरामद हुई है. बीएसएफ ने शव को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही इलाके की सघन तलाशी चल रही है.
घनी धुंध की आड़ में कर रहा था घुसपैठ
घुसपैठ की यह कोशिश अमृतसर सेक्टर के अंतर्गत आती बीओपी चन्ना में की गई. गश्त कर रहे बीएसएफ की 73 बटालियन के जवानों को घनी धुंध के बीच आहट सुनाई दी. खास बात है कि तब तक नापाक इरादे लेकर घुसपैठिया भारतीय सीमा से 500 मीटर अंदर बनी सुरक्षा फैंसिंग तक पहुंच चुका था.
जवानों ने पाकिस्तान की तरफ से एक व्यक्ति को घुसपैठ करते देखा और चुनौती दी, लेकिन वह लगातार आगे बढ़ता रहा. रोकने का प्रयास करते हुए उसे सरेंडर करने को कहा गया, लेकिन घुसपैठिए ने बीएसएफ जवानों पर फायरिंग करनी शुरू कर दी. जवानों ने भी जवाबी फायर कर पाक घुसपैठिए को ढेर कर दिया और पंप गन भी बरामद की है.
पाक रेंजर्स के सामने उठेगा मुद्दा
इसके तुरंत बाद जवानों ने पूरे इलाके को घेर लिया और सर्च ऑपरेशन चलाया. हालांकि, शव के पास कोई दस्तावेज या अन्य कोई पहचानपत्र नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके. बीएसएफ के अधिकारी बहुत जल्द इसे लेकर पाक रेंजर्स के साथ बैठक कर इसका विरोध दर्ज करवाएंगे. इस साल पंजाब में सीमा पर यह पहली मुठभेड़ है. पिछले साल बीएसएफ ने पंजाब में दो पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया था और 23 अन्य को गिरफ्तार किया था.
गुरदासपुर बॉर्डर पर मिला टूटा हुआ ड्रोन
गुरदासपुर बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल पाकिस्तानी ड्रोन जब्त किया है. ड्रोन के साथ जवानों ने 1 किलोग्राम हेरोइन की खेप भी बरामद की है. जवानों ने इस ड्रोन को किसान की निशानदेही पर खेतों से क्षतिग्रस्त हालत में जब्त किया. बीएसएफ अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह एक पुराना टूटा हुआ हेक्साकॉप्टर ड्रोन है, जिसे जवानों ने गुरदासपुर के घनिके बेट के तहत अंतरराष्ट्रीय सीमा से 2 किलोमीटर की दूरी पर गिरा पाया.
इस ड्रोन के साथ 1 किलो हेरोइन की खेप भी बंधी हुई थी. जिसे जब्त करके जांच के लिए भेज दिया गया है. वहीं ड्रोन को भी फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है.

