ABC NEWS: दो महीने पहले 15 अक्टूबर को जम्मू कश्मीर के शोपियां में आतंकियों ने कश्मीरी पंडित पूरन कृष्ण भट की गोली मारकर हत्या कर दी थी. मंगलवार को सुरक्षाबलों ने हत्या का बदला ले लिया है. शोपियां में सेना के जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी। मुंझ मार्ग पर सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में लश्कर के तीन आतंकी ढेर हो गए हैं. मारे गए आतंकियों में एक पूरन कृष्ण भट की हत्या में शामिल था. एक अन्य अनंतनाग में नागरिक की हत्या में वांछित था.
कश्मीर जोन पुलिस ने मंगलवार सुबह ट्वीट कर जानकारी दी कि जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के मुंझ मार्ग इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के तीन आतंकवादी मार गिराए हैं.
एडीजीपी कश्मीर ने बताया कि शोपियां में मारे गए तीनों आतंकवादियों में से 2 की पहचान शोपियां के लतीफ लोन और अनंतनाग के उमर नजीर के रूप में हुई है. इसमें से लतीफ कश्मीरी पंडित कृष्ण भट की हत्या में शामिल था जबकि, उमर नजीर नेपाल के बहादुर थापा की हत्या का आरोपी था. आतंकियों के कब्जे से 1 एके 47 राइफल और 2 पिस्तौल बरामद हुई है.
कश्मीर जोन पुलिस ने इससे पहले मंगलवार तड़के कहा था, “मुठभेड़ शोपियां जिले के मुंझ मार्ग इलाके में शुरू हुई है. पुलिस और सुरक्षा बल अपने मिशन में जुटे हैं.” उस वक्त भी पुलिस ने अंदेशा जताया था कि दो से तीन आतंकवादी हो सकते हैं.

