ABC News: सड़कों पर फर्राटा भर रहे वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिसके चलते आए दिन सड़क हादसे हुआ करते हैं. ऐसा ही एक मामला हरदोई जिले में सामने आया जहां हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई. तीनों राजमिस्त्री थे और रविवार की सुबह काम से वापस लौट रहे थे.

हरियावां विकासखंड के जरेली के मजरा रायपुर निवासी राजकुमार कुशवाहा, संजय व बबलू कुशवाहा के परिजनों ने बताया कि राजकुमार ,संजय व बबलू जहानीखेड़ा में राजगीर मिस्त्री का काम कर रहे थे. शनिवार की शाम घर से जहानीखेड़ा काम करने के लिए बता कर गए थे. रविवार की सुबह जहानीखेड़ा से वापस आ रहे थे कि सुबह सात बजे पडरवा गांव से पहले पिहानी की तरफ से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और तीनों की मौके पर मृत्यु हो गई. राजकुमार संजय बबलू तीनों विवाहित है और बच्चे भी हैं . घटना को सुनकर घर में भी कोहराम मचा हुआ है. सूचना पर तत्काल पहुंचे कोतवाल बेनी माधव त्रिपाठी ने घटना की बिंदुवार जांच करके सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात वाहन का पता लगाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि बैंक व पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में 7:00 से 7:30 तक के सभी वाहनों की जानकारी ली जा रही है.

