ABC NEWS: मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव में मतदान जारी है. इस बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद रामगोपाल यादव ने इटावा के सैफई में अपना वोट डाला. उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में डिंपल यादव की जीत होगी. उन्होंने कहा कि मैं कोई भविष्यवाणी करने वाला नहीं हुं लेकिन इस सीट से हमेशा सपा जीतती रही है. इस बार डिंपल यादव, नेताजी (मुलायम सिंह यादव) से भी तीन गुना ज्यादा वोटों से जीतेंगी.
इस बीच सपा मुखिया अखिलेश यादव ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि प्रशासन बीजेपी के समर्थन में खुलकर पक्षपात कर रहा है. रामगोपाल यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी के लोगों ने सपा के एजेंटों को धक्का दिया. मैनपुरी में उन्होंने बूथ संख्या 141, 142, 143, 144, 145 और 146 पर सपा के एजेंटों को नहीं रहने दिया. हमने रिटर्निंग आफिसर से बात की. उन्होंने कहा कि हम देखेंगे कि एजेंटों को अनुमति दी गई कि नहीं.
रामगोपाल यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है. चुनाव आयोग ने रैंडम आधार पर चुनाव ड्यूटी लगाए जाने का निर्देश दिया था लेकिन जब पोलिंग पार्टियां पहुंचीं तो करीब दो हजार कर्मचारियों को यादव होने की वजह से रोक दिया गया. उन्हें रिजर्व ड्यूटी में रखा गया। रामगोपाल यादव ने कहा कि वे भूल गए हैं कि सपा के पक्ष में सिर्फ यादव नहीं बल्कि सभी वर्गों के लोग वोट करते हैं.
सपा नेता ने रामपुर में भी वोटरों को रोके जाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पुलिस ने कल लोगों की पिटाई की. जिस एसएसपी को फिरोजबाद से शिकायत के चलते हटा दिया गया था वो वहां मौजूद रहे। कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है लेकिन लोकतंत्र में जनता सुप्रीम है और वो अपना निर्णय लेगी.

