ABC NEWS: UP की रामपुर विधानसभा सीट पर इन दिनों उपचुनाव चल रहा है. यहां से 10 बार विधायक रहे आजम खान को अयोग्य घोषित किए जाने और उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगाए जाने के बाद यह उपचुनाव हो रहा है. भले ही आजम खान इस चुनाव में बतौर उम्मीदवार नहीं उतरे हैं, लेकिन चुनाव में वही सबसे बड़ा फैक्टर हैं. इस बीच आजम खान पर सरकार की नजर टेढ़ी है तो उनके समर्थक भी साथ छोड़ते दिख रहे हैं. इन समर्थकों के साथ छोड़ने पर आजम खान ने तंज कसा है और उन्हें गद्दार बताया है. यही नहीं तंज कसते हुए आजम खा ने कहा 9 दिसंबर को रामपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजे घोषित हो जाएंगे. इसके बाद ‘अब्दुल’ भाजपा के यहां पोछा लगाएगा.
आजम खान ने रामपुर के नालापार में सोमवार रात को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही. आजम खान ने कहा कि अब्दुल (मुसलमान तबका) अब दरी नहीं बिछाएगा और यह कह कर वो मेरा साथ छोड़ कर चला गया. अब्दुल जब आया था तब मैंने उसके लिए ‘रेड कारपेट’ बिछाया था। 8 दिसंबर के बाद अब्दुल उनके (भाजपा) के यहां पोछा लगाएगा. यही नहीं उन्होंने भाजपा के साथ जाने वाले लोगों को भ्रष्ट और गद्दार करार दिया. आजम खान ने कहा, ‘जितने भी ठेकेदार और मालदार थे वह अपनी जमीनों का अपनी जायदाद का हिसाब नहीं दे पाए इसलिए वह सब चले गए। जितने भी गद्दार थे, सब चले गए और अब सिर्फ वफादार रह गए हैं.’
उन्होंने मुस्लिमों की एक बिरादरी कुरैशी के कुछ लोगों पर भी अटैक किया. आजम खान ने इनके भाजपा में जाने पर कहा कि जिन लोगों पर गोकशी के 50-50 मुकदमे दर्ज हैं, वे आज भाजपा के मंच पर विराजमान हैं. आखिर कहां गई भाजपा की गाय के प्रति वह मोहब्बत. आजम खान इस उपचुनाव में बेहद भावुक नजर आ रहे हैं. उन्होंने लोकसभा के उपचुनाव में हार का भी दुख जाहिर किया. आजम खान ने कहा कि मैंने तुम लोगों के लिए क्या नहीं किया. मगर तुमने लोकसभा उपचुनाव में आसिम राजा को हराकर हमारे साथ धोखा किया.
आजम का दर्द- इसलिए जिंदा हूं क्योंकि हराम है खुदकुशी करना
आजम खान ने कहा कि रामपुर इस वक्त सियासत के बदतरीन दौर से गुजर रहा है और एक ऐसे मोड़ पर खड़ा है जहां तुम्हारी एक गलती मेरी 50 साल की मेहनत को मटियामेट कर देगी। अगली पांच दिसंबर को तुम्हारे पास दो रास्ते होंगे। पहला, आसिम राजा को वोट देकर अपनी तरक्की और खुशहाली को चुन लो या फिर उन्हें हराकर अंधेरों में डूब जाओ. आजम खान ने कहा कि रामपुर और मेरे खिलाफ एक बड़ी साजिश चल रही है, जिसके बारे में तुम लोग नहीं जानते. आजम खान ने इससे पहले एक सभा में यह भी कहा कि वह इसलिए भी जिंदा हैं क्योंकि इस्लाम खुदकुशी करना हराम है.

