ABC NEWS: बहराइच जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था के हाल का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इमरजेंसी वार्ड जैसे संवेदनशील जगहों तक साड़ पहुंच जा रहे हैं. जी मीडिया संवाददाता के अनुसार, जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भले ही डॉक्टरों का दौरा हो या न हो लेकिन आवारा जानवर अक्सर अस्पताल में विचरण करते देखे जा सकते हैं. बताया जा कहा है कि सांड अचानक इमरजेंसी वार्ड में पहुंचा तो वहां मौजूद मरीजों में अफरा-तफरी मच गई. हैरत की बात ये रही कि इमरजेंसी वार्ड के गेट पर तैनात कर्मी भी उसे अंदर जाने से रोक नहीं पाए. आवारा सांड वहां मौजूद लोगों के बीच से होता हुआ सीधे इमरजेंसी वार्ड में पहुंच गया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बहराइच जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में घुसा सांड#Bahraich #UP #UttarPradesh pic.twitter.com/tmhP7YA3ag
— Nitesh Srivastava (@nitesh_sriv) November 26, 2022
जिला अस्पताल में इस तरह की लापरवाही का यह कोई पहला मामला नहीं है जब जिला चिकित्सालय में आवारा जानवरों की आवाजाही देखी गई हो. इससे पहले भी अस्पताल के परिसर में आवारा जानवरों घूमते नजर आ चुके हैं.इसी जिला चिकित्सालय के परिसर में सांड के हमलों से अब तक कई लोग घायल भी हो चुके हैं. बीते कुछ महीने पहले एक वृद्ध को तो आवारा सांड की वजह से अपनी जान भी गंवानी पड़ी थी.
इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन आवारा जानवरों पर लगाम लगाने में नाकाम रहा है. जिला अस्पताल के अंदर फैली तमाम अव्यवस्थाओं के बारे में जिलाधिकारी से भी शिकायत करने के बावजूद अस्पताल प्रशासन इस लापरवाही पर अंकुश लगाने का कोई ठोस प्रबंध नहीं कर पाया है जिसका खामियाजा आये दिन दूर दराज से इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को सांड के हमलों का सामना कर चुकाना पड़ रहा है.

