ABC News: सिविल लाइंस में जलभराव से अब इलाकाई लोगों को छुटकारा मिलने की आस जगी है. सांसद सत्यदेव पचौरी ने गुरुवार को वहां पहुंचकर खुद स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने अफसरों को इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी आदेश दिए. अब उन्होंने शुक्रवार को इस संबंध में बैठक बुलाई है जिसमें जलकर, नमामि गंगे और अमृत योजना से जुड़े अफसरों को भी आने को कहा गया है.

बता दें कि कचहरी रोड पर लाला अंबा नर्सिंग होम के सामने एक कॉलोनी में कई दिनों से जलभराव की समस्या है. क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पहले यहां स्कूल होता था, बाद में कॉलोनी बन गई. मुख्य मार्ग हाने की वजह से दिनभर लोगों का यहां से आना-जाना लगा रहता है. आसपास तीन स्कूल भी हैं जिस कारण बच्चे भी आते-जाते हैं. इस कॉलोनी के वासी गंदे सीवर पानी के भराव से परेशान हैं. उनका आरोप है कि यहां सीवर लाइन कार्य में में लपरवाही की गई जिस वजह से अक्सर यहां ओवरफ्लो हो सीवर का पानी भरा रहता है. गंदगी से जीना दुश्वार हो गया है और बीमारियां फैलने का खतरा भी बना रहता है. इलाकाई लोगों ने कई बार गुहार लगाई पर समस्या का निराकरण नहीं हुआ. इस पर वह लोग शिकायत लेकर सांसद सत्यदेव पचौरी के पास पहुंचे. गुरुवार को सांसद खुद वहां का निरीक्षण करने पहुंचे. उन्होंने कई अफसरों को भी बुलाया. सांसद से इलाके के लोगों ने बताया कि हर दिन सुबह 9 से 11 बजे तक यहां जलभराव रहता है. ओवरफ्लो होकर मेनहोल का गंदा पानी पहले सड़कों और फिर बाद में कुछ लोगों के घरों तक पहुंच जाता है. इस पर सांसद पचौरी ने कहा कि कल इस संबंध में उन्होंने अपने आवास पर एक बैठक बुलाई है जिसमें इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए योजना बनाई जाएगी. इसके लिए जलकर, नमामि गंगे और अमृत योजना के अफसरों को भी बुलाया है. उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में जल्द से जल्द यहां के निवासियों को इस समस्या से छुटकारा दिलाया जाएगा. यह भी देखा जाएगा कि सीवर लाइन डालने में लापरवाही तो नहीं बरती गई. अगर ऐसा हुआ तो संबंधित पर सख्त कार्रवाई होगी.

