ABC NEWS: सीतामढ़ी के पुनौराधाम में हुई एक शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. ये शादी खास इसलिए है कि क्योंकि दूल्हा-दुल्हन दोनों ही 3 फीट के हैं. सैकड़ों लोगों की मौजदूगी में दोनों ने सात फेरे लिए और शादी की बंधन में बंध गए. मंदिर परिसर में हुई इस शादी को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी. और अब जिले में इसी शादी के चर्चे हैं. इस अनोखी शादी में दुल्हन सीतामढ़ी के लोहियानगर की पूजा(21) है जबकि दूल्हा योगेंद्र डुमरा प्रखंड के रामपुर परोरी गांव का रहने वाला है. दोनों की शादी पुनौराधाम में पूरे धूमधाम से हुई है.
शादी देख रहे लोगों ने बताया कि जोड़ियां आसमान में बनती है. हर किसी के लिए भगवान ने जीवन साथी बनाया है. यह शादी अनोखी है। इसे देखकर लोग काफी खुश नजर आए. शादी की रस्मों का पूरा वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. लोग इस नवदंपती को सोशल मीडिया पर बधाई दे रहे हैं. दूल्हा-दुल्हन के परिवार वाले भी शादी में शामिल हुए। 3 फुट की दुल्हन पूजा को भी अपने लिए वर चुनने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था तो 32 साल के योगेंद्र भी लंबे समय से अपने जीवनसाथी की तलाश में थे. योगेन्द्र और पूजा की कद काठी कम होने के चलते दोनों के परिजन शादी को लेकर काफी चिंतित थे. दोनों की बढ़ती उम्र के साथ ही परिजन की चिंताएं भी बढ़ती जा रही थी.
हालांकि ऐसा संयोग बना कि दोनों की शादी हो गई. दोनों के परिजन भी इस शादी से काफी खुश हैं. शादी में दोनों के परिजन और रिश्तेदारों के अलावा 100 से ज्यादा लोग शामिल हुए थे. दूल्हा योगेन्द्र और दुल्हन पूजा भी शादी से बेहद खुश है. आखिरकार रब ने दोनों की जोड़ियां बना ही दी. दूल्हा योगेंद्र पंचायत चुनाव में अपनी किस्मत भी आजमाया चुका था. हालांकि उसे सफलता हाथ नहीं लगी थी. वह डुमरा प्रखंड के रामपुर परोरी पंचायत से वार्ड सदस्य के पद पर खड़ा था.

