ABC NEWS: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) अब मध्यप्रदेश पहुंचने वाली है, जिसे सफल बनाने के लिए पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जोरों से लगे हुए हैं. इससे पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के नेताओं ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को निमंत्रण देने का खास तरीका अपनाया और उन्हें पीले चावल दिए. बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा इस समय महाराष्ट्र में है और 23 नवंबर को मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्रवेश करेगी.
पारंपरिक अंदाज में एमपी में प्रवेश करने के लिए निमंत्रण
प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अरुण यादव और सुरेंद्र सिंह शेरा महाराष्ट्र के करोली पहुंचे और पारंपरिक अंदाज में भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के मध्यप्रदेश में प्रवेश करने के लिए निमंत्रण दिया. राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को पीले चावल देकर मध्यप्रदेश आने का निमंत्रण दिया. बता दें कि मध्यप्रदेश के बड़े हिस्से में किसी को निमंत्रण देने के लिए पीले चावल देने की परंपरा है.
यात्रा में शामिल होने के लिए लोगों को भी दिए जा रहे पीले चावल
घर-घर से आम जन को भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) में शामिल होने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों को निमंत्रण दे रहे हैं. कांग्रेस कार्यकर्ता अपने साथ पीले चावल लेकर घर-घर पहुंच रहे हैं और भारत जोड़ों यात्रा में शामिल होने के लिए पीले चावल देकर निमंत्रण दे रहे हैं. कांग्रेस पार्टी भारी संख्या में लोगों को यात्रा में शामिल कराने की कोशिश में लगी है.
राहुल गांधी 29 नवंबर को पहुंचेंगे उज्जैन
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में 29 नवंबर को पहुंच सकती है. इस दौरान राहुल गांधी (Rahul Gandhi) महाकाल के दर्शन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे.
5 दिसंबर तक मध्य प्रदेश में चलेगी भारत जोड़ो यात्रा
बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) महाराष्ट्र में 21 और 22 नवंबर को रुकी रहेगी और 23 नवंबर को मध्य प्रदेश की ओर बढ़ेगी. इसके बाद भारत जोड़ो यात्रा पांच दिसंबर तक मध्यप्रदेश में चलेगी और फिर राजस्थान में प्रवेश करेगी.

