ABC NEWS: नोएडा के बाद कानपुर का दादा नगर क्षेत्र यूपी में सबसे प्रदूषित है. शहर के कई स्थानों की मॉनिटरिंग की गई. इसके अनुसार प्रदूषण के मामले में दादा नगर क्षेत्र खतरनाक तो आईआईटी कैंपस सर्वाधिक सुरक्षित है. उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) की अक्टूबर की रिपोर्ट में ये डाटा सामने आया है.
मोटे धूल के कण ज्यादा
रिपोर्ट के मुताबिक मोटे धूल-धुएं के कणों (पीएम-10) में पनकी साइट-एक में भी नाइट्रोजन डाईऑक्साइड की मात्रा नोएडा क्षेत्र के बाद सर्वाधिक है. बोर्ड ने प्रदेश के शहरों में अलग-अलग स्थानों से आंकड़े जुटाए थे. इसमें पीएम 10, नाइट्रोजन डाईऑक्साइड और सल्फर डाईऑक्साइड का आंकलन किया गया.

इसके हिसाब से नोएडा क्षेत्र (आवासीय) में पीएम-10 की मात्रा 274.67 रही जबकि दादा नगर आवासीय क्षेत्र में मात्रा 237 माइक्रोन प्रति घनमीटर रही. प्रदेश में नाइट्रोजन डाईऑक्साइड की सर्वाधिक मात्रा 59.19 रही। इसके बाद दूसरे स्थान पर कानपुर के पनकी साइट एक में 58.69 माइक्रोन प्रति घनमीटर रही. एसओटू की सर्वाधिक मात्रा गजरौला और नोएडा में पाई गई.
लगातार गिर रहा है तापमान
उत्तर पश्चिमी हवा की गति धीमी होने से तेजी से गिर रहा पारा फिर संभल गया. रविवार को तापमान में मामूली कमी आई लेकिन रात का पारा मात्र 0.2 डिग्री बढ़ा। रात का पारा 09.4 से बढ़कर 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा. रात में उत्तर पश्चिमी हवाएं चलती रहीं जो बाद में उत्तर पूर्वी में बदल गईं.
इस प्रकार रहा AQI
शहर- एयर क्वालिटी इंडेक्स
नोएडा- 225
दादा नगर कानपुर- 191
गोरखपुर गीडा- 226
हापुड़ जिंदल- 205
फिरोजाबाद तिलक नगर- 220

