ABC NEWS: किस रूट पर कितनी सड़कें खराब हैं, गड्ढों में पैचवर्क हुआ या नहीं, अब इसकी गिनती रोडवेज बसों के ड्राइवर भी करेंगे. चालक रोजाना की रिपोर्ट परिवहन अधिकारी को देंगे और अफसर 25 नवंबर तक की पूरी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजे देंगे। रोडवेज प्रबंधक ने पूरा खाका तैयार कर लिया है. शासन ने 30 नवंबर तक हर हाल में पूरे प्रदेश में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं. क्रॉस चेकिंग इसलिए हो रही है ताकि पीडब्ल्यूडी और हाईवे विंग के दावों की सच्चाई भी सामने आए सके.
यूपी रोडवेज प्रबंधन ने कानपुर सहित सभी रीजनों के चालकों को निर्देश दिए हैं कि बस चलाते वक्त अपने-अपने रूट पर गड्ढों का भी आकलन करते चलें. ऐसा 25 नवंबर तक करना है. रोज वापसी के बाद संबंधित डिपो के एआरएम को यथास्थिति की रिपोर्ट देनी होगी ताकि पता चल सके कि किस रूट की सड़क कितनी खराब है। शासन का मानना है कि इस पहल से न सिर्फ सड़क की पूरी स्थिति सामने आ सकेगी, बल्कि मेंटीनेंस के नाम पर जिम्मेदार एजेंसी या विभाग खेल भी नहीं कर सकेंगे.
सीएम ने दिया है लक्ष्य
सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सड़कों को हरहाल में 30 नवंबर तक गड्ढामुक्त करने का आदेश दिया है. लोक निर्माण विभाग हो या फिर हाईवे विंग, जर्जर सड़कों पर पैचवर्क तेजी से कराया जा रहा है. इस दौरान कहीं भी गड्ढे छूटे न रह जाएं, इसलिए पहली बार रोडवेज चालकों की मदद ली जा रही है.
– 91 फीसदी सड़कें कानपुर परिक्षेत्र में गड्ढामुक्त करने का पीडब्ल्यूडी का दावा
– 30 नवंबर तक शासन ने हर हाल में प्रदेश में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के दिए हैं निर्देश
– रोडवेज बसों के चालक 25 नवंबर तक रोज देंगे रूट पर सड़कों की स्थिति की रिपोर्ट
– पीडब्ल्यूडी और हाईवे विंग के दावों को लेकर शासन की ओर से कराई जा रही क्रॉस चेकिंग
– झांसी, बांदा, लखनऊ, प्रयागराज और कन्नौज रूट पर जानलेवा गड्ढे, विभाग ने कहा-बहुत कम
सफर के साथ दर्द के गड्ढे
रोडवेज महोबा डिपो के चालक राजेंद्र और बांदा डिपो के चालक सुमेर सिंह ने बताया कि रूट पर कई जगह यही पता नहीं लगता कि सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढे में सड़क. बस चलाते वक्त ऐसा कष्टदायी सफर होता है जो कह नहीं सकते. ड्यूटी खत्म होने के बाद सोते समय भी शरीर दर्द करता रहता है. कानपुर-प्रयागराज और कन्नौज रूट पर बस चलाने वाले ड्राइवरों ने बताया कि हाईवे हो या प्रमुख शहरों के आउटर वाले रास्ते, याद करते ही आंखों के सामने गड्ढे आ जाते हैं. इससे दुर्घटना की संभावना भी बनी रहती है.
प्रमुख जर्जर सड़कें
कौन सी सड़क———-कितनी दूर तक खराब
– कानपुर से फर्रुखाबाद वाया मंधना-कन्नौज – 14 किलोमीटर
– कानपुर से लखनऊ राजमार्ग- आठ किलोमीटर
– कानपुर से प्रयागराज नेशनल हाईवे – 22 किलोमीटर
– चौड़गरा (फतेहपुर) से बांदा मार्ग – 27 किलोमीटर
– कानपुर से झांसी-महोबा-हमीरपुर- 26 किलोमीटर
– कानपुर से बिधूना वाया शिवली- 33 किलोमीटर
कानपुर के झकरकटी बस अड्डे का लोड
कानपुर रीजन में कुल बसें 545
झकरकटी से रोज चलती बसें 1000-1050
यात्रियों की आवाजाही रोजाना 40000-42000
एसी बसें रोज आती-जाती 112
प्रभारी एआरएम झकरकटी बस अड्डा कानपुर, केके आर्या ने कहा कि झकरकटी आने वाली हर डिपो के बस चालकों से खुद या फिर सुपरवाइजरों के जरिए गड्ढों की रिपोर्ट लेते हैं. कई रूटों पर गड्ढे कम भी हुए हैं। अभी भी कई हाईवे पर जानलेवा गड्ढे हैं. चालकों से इनकी वजह से होने वाली दुश्वारियों के भी अनुभव पूछे जा रहे हैं.
मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी कानपुर रीजन, परवेज अहमद ने कहा कि कानपुर परिक्षेत्र में सभी स्टेट हाईवे के गड्ढे भर दिए गए हैं. पैचवर्क हो चुका है. सिर्फ ग्रामीण इलाकों में ही कुछ गड्ढे रह गए हैं. दस दिन के भीतर यह काम भी पूरा हो जाएगा। परिक्षेत्र में 91 प्रतिशत सड़कें गड्ढामुक्त हो चुकी हैं.

