ABC News: नौबस्ता-हमीरपुर रोड पर एसजे पुलिया के पास शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक में टक्कर मारते हुए नीचे गिरे युवक को कुचल दिया. डंपर का पहिया सिर के ऊपर से निकलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने डंपर चालक को पकड़कर पीटा और पुलिस के सिपुर्द कर दिया. पुलिस अभी मरने वाले युवक की पहचान नहीं कर सकी है.

करीब 55 वर्षीय व्यक्ति गुरुवार दोहर बाइक से गल्लामंडी से नौबस्ता बाईपास की तरफ विपरीत दिशा से जा रहे थे. इस बीच एसजे पुलिया के पास हाईवे पर माल लदा ट्रक खराब होने के कारण खड़ा था. जैसे ही बाइक सवार आगे बढ़ा तभी सामने से विधनू की तरफ आ रहे डंपर को देख बाइक सवार अनियंत्रित हो गए. इस बीच डंपर की टक्कर लगते बाइक समेत सड़क पर गिर गया. हादसा देख लोग शोर मचाते हुए दौड़े तो चालक ने डंपर आगे बढ़ा दिया. इससे डंपर का पहिया सिर के ऊपर से निकल जाने से उसकी मौत हो गई. सामने भीड़ को आता देखकर चालक ने डंपर रोक दिया. लोगों ने डंपर से चालक को नीचे खींचकर पीटा और कंट्रोल रूम पर सूचना दी. मौके पर हंसपुरम चौकी पुलिस पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर नौबस्ता थाने ले गई. चौकी प्रभारी धर्मेंद्र वर्मा ने बताया कि बाइक सवार की पहचान नहीं हो सकी है. बाइक के आरटीओ नंबर से भी नाम पता नहीं चल पा रहा है. पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि हादसे के समय बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाया था. हेलमेट बाइक के पीछे की तरफ टंगी हुई थी.

