ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) कानपुर शहर के सर्वांगीण विकास के लिए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की बैठक को लेकर शुरू हुए विवाद में दोनों पक्ष अपने रुख पर कायम हैं. जहां महाना की ओर से जारी प्रोटोकाल में बता दिया गया है कि तय समय पर ही अधिकारियों की बैठक होगी.
वहीं बैठक निरस्त करने के लिए मंडलायुक्त डा. राजशेखर को पत्र लिख चुके भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी और देवेंद्र सिंह भोले ने भी कह दिया कि वह बैठक में नहीं जाएंगे. मिश्रिख के सांसद अशोक कुमार रावत ने भी पचौरी और भोले के पत्र पर हस्ताक्षर कर उनके साथ होने की सहमति जता दी.
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि कानपुर की जनता के हित के लिए मैं कभी भी मीटिंग बुला सकता हूं. मुझे मंडलायुक्त को लिखे गए किसी पत्र की कोई जानकारी नहीं है जबकि मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र के सांसद अशोक कुमार रावत कि उन्हें विधान सभा अध्यक्ष की तरफ से बुलाई गई बैठक को लेकर हमें अभी कोई पत्र नहीं मिला है. सांसद सत्यदेव पचौरी, सांसद देवेंद्र सिंह भोले को पत्र मिला है. दोनों सांसद वरिष्ठ हैं और बैठक को लेकर भेजे गए पत्र व व्यवस्था की पूरी जानकारी है. जो दोनों माननीय सांसदों का मत है वही मेरा मत है और हम उनके साथ हैं. सांसद अकबरपुर देवेंद्र सिंह भोले ने तो साफतौर पर कहा कि बैठक में नहीं जाऊंगा. मंडलायुक्त को पत्र में अपनी बात कह दी है। सांसद अशोक रावत ने भी हमारे पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं. कानपुर नगर के सांसद सत्यदेव पचौरी कहते हैं कि बैठक निरस्त करने के लिए हम सांसदों ने मंडलायुक्त को पत्र लिखा है. इसके बाद भी बैठक होती है तो उसमें शामिल नहीं होऊंगा.
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शुक्रवार को समग्र विकास से जुड़े अधिकारियों की बैठक बुलाई है. इस बैठक के संबंध में उनके सलाहकार मुल्क राज ने 14 नवंबर को मंडलायुक्त को पत्र भेजा था. इस पत्र को जब मुख्य विकास अधिकारी सुधीर कुमार की तरफ से सांसदों, विधायकों को भेजा गया तो सांसद पचौरी और भोले ने मंडलायुक्त को पत्र भेजकर इसे संसदीय परंपरा के विपरीत बताया.
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के सलाहकार के पत्र पर बुलाई जा रही बैठक को तत्काल निरस्त करने के लिए 16 नवंबर को पत्र भी लिखा था. गुरुवार को घटनाक्रम और आगे बढ़ा और पचौरी और भोले के पत्र पर ही सांसद अशोक रावत ने अपने हस्ताक्षर कर उनके साथ होने का संकेत दे दिया.
दूसरी ओर विधानसभा अध्यक्ष के सलाहकार ने प्रोटोकाल जारी करते हुए कहा कि विधानसभा अध्यक्ष सुबह 10.55 बजे मंडलायुक्त के सभागार में समग्र विकास से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. इसकी सूचना 14 नवंबर को पहले ही दी जा चुकी है. प्रोटोकाल में यह भी कहा गया कि आगे का कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा.

