ABC NEWS: श्रद्धा हत्याकांड में लगातार कड़ियों को जोड़ रही पुलिस को अब श्रद्धा के सिर की बेसब्री से तलाश है. 26 साल की श्रद्धा वॉकर को उसके लिव-इन पार्टनर आफताब आरीफ पूनावाला ने कई टुकड़ों काटकर अलग-अलग जगहों पर फेंका था. मंगलवार को पुलिस को कुछ टुकड़े मिले हैं जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा गया है. पुलिस को अब भी श्रद्धा के सिर की शिद्दत से तलाश है. पुलिस को शक है कि शायद आफताब श्रद्धा के सिर को क्षत-विक्षत करने में कामयाब नहीं हो सका है. पुलिस को इस बात का एहसास है कि सिर बरामद होने के बाद पीड़िता की पहचान पूरी तरह से स्थापित हो पाएगी. इधर इस हत्याकांड को लेकर कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि पुलिस आरोपी आफताब का नार्को टेस्ट करवा सकती है. पुलिस ने इसके लिए कोर्ट से इजाजत भी मांगी है.

फ्रिज में रखा सिर क्यों देखता था..
इधर इस सनसनीखेज मामले में आफताब पुलिसिया पूछताछ में लगातार चौंकाने वाले खुलासे कर रहा है. आफताब ने दावा किया है कि श्रद्धा के 35 टुकड़े करने के बाद उसने उसके सिर को भी फ्रिज में रखा था. वो अक्सर श्रद्धा के सिर को देखा करता था. उसने बताया है कि वो श्रद्धा के साथ अपने रिश्तों की याद में फ्रिज खोलकर उसके सिर को देखा करता था. आफताब ने पुलिस को यह भी बताया है कि श्रद्धा के अंगों से छुटकारा पाने की कोशिश के दौरान उसने श्रद्धा वॉकर के सिर को अंतिम में ठिकाने लगाया था.

DNA टेस्ट की तैयारी
पुलिस श्रद्धा के सिर को तलाश रही है और जैसे ही उन्हें श्रद्धा का सिर मिलेगा वो Skull Superimposition Technology के जरिए पीड़ित की पहचान को स्थापित करने की कोशिश करेगी. अभी के लिए पुलिस के पास श्रद्धा के पिता विकास वॉकर से डीएनए मैच कराने के अलावा कोई रास्ता नहीं है. जो हड्डियां पुलिस ने बरामद की हैं उनहें फिलहाल डीएनए सैम्पलिंग के लिए भेजा गया है और पुलिस को अब रिपोर्ट का इंतजार है.

केमिकल का इस्तेमाल
पुलिसिया तफ्तीश में इस बात का पता चला है कि आफताब ने हत्या के बाद सबूतों को मिटाने के लिए orthoboric acid, Formaldehyde acid और sulphuric acid का इस्तेमाल किया था. उसने इसके अलावा भी कुछ अन्य तरह के कैमिकल का इस्तेमाल, श्रद्धा की बॉडी के टुकड़े करने, उन्हें स्टोर करने और शरीर के अंगों को ठिकाने लगाने के दौरान किया था. कहा जा रहा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी आफताब लगातार अपने बयान बदल दे रहा है और यह भी कह रहा है कि उसे याद नहीं आ रहा. बहरहाल अब दिल्ली पुलिस इस मामले की तहें उघाड़ने में जुटी हुई है और आरोपी पर कानूनी कार्रवाई जारी है.

