ABC NEWS: विधायक इरफान सोलंकी के प्रकरण में शनिवार को समाजवादी पार्टी की जांच टीम ने विधायक के परिवार के सदस्यों से बंद कमरे में बात की. इससे पूर्व जांच टीम के सदस्यों ने कहा कि सपा की सरकार के समय जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाती थी. वर्तमान सरकार में न सिर्फ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई बल्कि विधायक के साथ अपराधियों जैसा सुलूक किया जाने लगा.

मुख्य सचेतक विधानसभा डॉ. मनोज पांडेय के अलावा अन्य नौ विधायक व निवर्तमान महानगर अध्यक्ष सपा की इस जांच टीम में शामिल हैं. जांच टीम सीधे विधायक हाजी इरफान सोलंकी के जाजमऊ स्थित आवास पर पहुंची. यहां विधायक की पत्नी नसीम, मां खुर्शीदा बेगम, बेटे मुस्तफा और दोनों बेटियों से बातचीत की. इस दौरान मीडिया को दूर रखा गया.
जांच टीम में शामिल सदस्यों ने कहा कि कि वे पुलिस कमिश्नर से भेंट कर पूरे प्रकरण को रखेंगे और निष्पक्ष जांच कराने की मांग करेंगे. पुलिस ने बिना किसी सबूतों के पूरी कार्रवाई की है. जांच रिपोर्ट सपा मुखिया अखिलेश यादव को सौंपी जाएगी.

