ABC News: अर्मापुर एस्टेट में सेना भर्ती परीक्षा में भी अभ्यर्थी फर्जीवाड़ा करने से बाज नहीं आ रहे हैं. फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़े गए अभ्यर्थी को पुलिस के हवाले करके कर्नल डायरेक्टर रिक्रूटिंग ने मुकदमा दर्ज कराया है. अर्मापुर थाना पुलिस ने अभ्यर्थी आबिद को गिरफ्तार करके पूछताछ शुरू की है.

कर्नल डायरेक्टर रिक्रूटिंग की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि 9 नवंबर को अग्निवीर भर्ती परीक्षा में फर्जी दस्तावेजों के साथ आबिद पुत्र अनीश खान निवासी दूधना पाली मुकीमपुर जनपद अलीगढ़ को पकड़ा गया है. दस्तावेज की जांच और बायोमेट्रिक जांच के दौरान दस्तावेजों के फर्जी होने का पता चला है. जांच में सामने आया है कि आबिद ने आकाश उत्तर प्रेमपाल के दस्तावेजों को आर्मी में भर्ती होने के लिए उपयोग किया है. इस मामले में आरोपित के खिलाफ थाना अर्मापुर में धोखाधड़ी व कूटरचना की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने आबिद को गिरफ्तार करके पूछताछ शुरू की है. बताते चलें कि कानपुर के अर्मापुर एस्टेट में 20 अक्टूबर से अग्निवीर भर्ती रैली की शुरुआत हुई है, इसमें कानपुर समेत आसपास के 13 जिलों से अभ्यर्थियों को भर्ती किया जा रहा है. पहले दिन गोंडा के युवा शामिल हुए थे, इसके बाद लखनऊ, उन्नाव, फतेहपुर, कन्नौज, हमीरपुर, बाराबंकी, चित्रकूट, बांदा, महोबा, कानपुर देहात और औरैया के बाद कानपुर नगर की तहसीलों से आए युवा परीक्षा में शामिल हो चुके हैं. आज गुरुवार को अंतिम दिन है, इसमें अन्य छूटी तहसीलों के युवाओं की परीक्षा ली जा रही है.

