ABC NEWS: गुरु नानक देव जी को सिख धर्म का संस्थापक माना जाता है. उनका जन्म कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि को हुआ था, जिसे गुरपुरब या प्रकाश पर्व के रूप में सिख समुदाय हर्षोल्लास के साथ मनाता है. इस बार प्रकाश पर्व यानि गुरु नानक देव जयंती आज 08 नवंबर 2022 दिन मंगलवार को मनाई जा रही है. सिखों के प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी ने एक ओंकार का संदेश दिया, जिसका अर्थ है ईश्वर एक है. आइए जानते हैं नानक देव जी से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें.
गुरु नानक देव से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें
1. सिख समुदाय के प्रथम गुरु नानक देव जी के पिता कल्याण चंद या मेहता कालू जी थे. नानक देव की माता का नाम तृप्ता देवी था. वहीं उकी एक बहन थीं, जिनको नानकी नाम से जाना जाता था. गुरु नानक देव की पत्नी बाटला की थीं, उनका नाम सुलक्षिनी था. उनके दो पुत्र एक श्रीचंद और दूसरे लक्ष्मीदास थे.
2. गुरु नानक देव ने ही सिख धर्म की स्थापना की थी. वे रूढ़िवादिता, धार्मिक आडंबर और अंधविश्वास के बिलकुल खिलाफ थे. बचपन से ही उनका स्वभाव बेहद गंभीर था और वे इन सब चीजों को बिल्कुल पसंद नहीं करते थे.
3. गुरु नानक देव एक सच्चे योगी, गृहस्थ, दार्शनिक, कवि और समाज सुधारक थे.
4. गुरु नानक देव जी ने हमेशा जात-पात का विरोध किया है. उन्होंने अपने समय में लंगर की शुरुआत की. जिसका मकसद था छोटा-बड़ा, अमीर-गरीब सब एक साथ बैठकर भोजन प्राप्त कर सकें. किसी के मन में किसी भी व्यक्ति के लिए भेदभाव ना हो.
5. गुरु नानक देव ने मूर्ति पूजन का विरोध किया, उनका मानना था कि ईश्वर सर्वशक्तिमान है. वही सर्वोपरि हैं, वही सत्य हैं. उन्होंने निर्गुण उपासना का प्रचार-प्रसार किया.
6. गुरु नानक देव जी ने पानीपत, कुरुक्षेत्र, नर्मदा तट, मुल्तान, प्रयाग, हरिद्वार, काशी, असम, दिल्ली, रामेश्वर, द्वारका, लाहौर, सोमनाथ, जगन्नाथ पुरी, बीकानेर, गया, पटना, अयोध्या और असम आदि जगहों की यात्रा समाज को जागरूक करने के लिए की.
7. सन 1539 में गुरु नानक देव जी करतारपुर में अनंत में विलीन हो गए थे. उन्होंने बाबा लहना को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था, जो बाद में गुरु अंगद देव के नाम से प्रसिद्ध हुए.

