ABC News: कानपुर निवासी मर्चेंट नेवी कर्मी बीत 3 महीने से पश्चिमी अफ्रीका के गिनी देश में बंधक है. उसके साथ देश के 16 अन्य भारतीय भी बंधक हैं. सभी पर कच्चा तेल चोरी करने का आरोप नाइजीरियन नेवी ने लगाया है. शिप के क्रू में कुल 26 सदस्य हैं, जिसमें 16 भारतीय हैं. इनमें कानपुर के गोविंदनगर निवासी रोशन अरोड़ा (26) भी हैं.

कैप्टन रोशन बीते 3 सालों से मर्चेंट नेवी की ट्रेनिंग कर रहा था. ये उसकी पहली शिपमेंट थी. सोमवार रोशन के परिवार से मिलने पहुंचे सांसद सत्यदेव पचौरी और विधायक महेश त्रिवेदी ने परिवार को मदद का पूरा आश्वासन दिया है. सांसद का कहना है कि विदेश मंत्रालय से बातकर सभी की जल्द भारत वापसी कराई जाएगी. रोशन के पिता मनोज अरोड़ा ने बताया कि बीते 3 महीने से नाइजीरियन नेवी कंपनी से बातचीत कर रही थी. कंपनी के 14 लोगों को डिटेंशन सेंटर में रखा गया था. हालांकि अब उन्हें छोड़ दिया गया है. लेकिन नाइजीरियन नेवी ने सभी को अरेस्ट करने की तैयारी शुरू की है. इसके बाद से ही क्रू मेंबर्स में हड़कंप मचा है और वे परेशान हैं. रोशन अब भी अपने पिता से फोन पर संपर्क में हैं. उसने दावा किया कि ओएसएम कंपनी ने जुर्माना भी भर दिया है. इसके बावजूद नहीं छोड़ा जा रहा है. कानपुर में परिजन अब मदद की गुहार लगा रहे हैं.

वहीं, दोपहर में परिजनों के पास सांसद सत्यदेव पचौरी भी पहुंचे. पीड़ित परिवार से पूरी बातचीत के बाद सांसद ने आश्वासन दिया कि वह इस मामले को विदेश मंत्रालय के संज्ञान में लाएंगे. सांसद ने कहा कि जरूरत पड़ी तो विदेश मंत्री से सीधे बातचीत की जाएगी. उन्होंने कहा कि भारत के सभी देशों से बेहतर संबंध हैं. ऐसे में रोशन अरोड़ा जल्द ही अपने परिजनों के साथ होगा.

गोविंदनगर लेबर कॉलोनी निवासी मनोज अरोड़ा ने बताया कि उनका बेटा रोशन मर्चेंट नेवी में असिस्टेंट ऑफिसर है. परिवार में रोशन की मां सीमा व बड़ी बहन कोमल है. कोमल के मुताबिक रोशन हीरोइक इदुन शिप कंपनी के जरिये आठ अगस्त को नाइजीरिया कच्चा तेल लोड करने गया था. पिता ने रोते हुए बताया कि अब उसका 6 महीने को कंपनी से कॉन्ट्रैक्ट भी खत्म हो चुका है. टीम में 16 भारतीय, छह श्रीलंका और पोलैंड व फिलीपींस के एक-एक व दो अन्य मर्चेंट नेवी अफसर शामिल हैं. पिता ने बताया कि देहरादून, अंबाला, कर्नाटक के भी लोग वहां क्रू में फंसे हुए हैं. वहां पर माल लोड करने की तीन दिन बाद की तारीख मिली. इस पर शिप के अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों से संपर्क कर जानकारी दी. उच्चाधिकारियों ने शिप वापस लाने को कहा. रोशन ने अपनी बहन को बताया कि जब उनका शिप वापस जा रहा था तो रास्ते में गिनी देश की मर्चेंट नेवी के अफसरों ने उनको रोक लिया. 15 अफसरों को मालाबो में कैद कर रखा है और 11 को जहाज में ही नजरबंद कर दिया. वह मालाबो में कैद है.

तब से सभी वहां फंसे हुए हैं. कोमल ने बताया कि तीन महीने से सभी लोग कैद हैं. कंपनी ने भी इसकी जानकारी नहीं दी. रोशन ने शनिवार को फोन कर खुद ही बताया. जब उसको लगा कि अब वहां से निकलना मुश्किल है, क्योंकि उन्होंने यह सुन लिया था कि इन सभी को गिनी देश की नेवी नाइजीरियन नेवी के हवाले करने वाली है. व्हाट्सएप कॉलिंग व चैट के जरिये सभी अपने परिवारवालों व शिप कंपनी के अधिकारियों के संपर्क में हैं. कंपनी ने रोशन को बताया था कि गिनी देश ने जुर्माना लगाया था, जिसे एक हफ्ते में ही भर दिया गया था. इसके बावजूद भी गिनी नेवी अब इन लोगों को छोड़ने के बजाय नाइजीरियन नेवी के हवाले क्यों करने जा रही है, यह समझ नहीं आ रहा है.

