ABC News: शनिवार को गुमटी नंबर-5 स्थित मार्केट में जय हिंद चौराहा के पास रोड का बड़ा हिस्सा धंस गया. जांच में सामने आया कि अंग्रेजों के जमाने का बना डाट नाले का बड़ा हिस्सा धंसा, जिससे सड़क भी धंस गई. बता दें कि बीते 48 घंटों में दूसरा डॉट नाला धंसा है.

डॉट नाला धंसने की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे नगर निगम जोनल अभियंता आरके पाल ने बताया कि डॉट नाला धंसा है. इसे बनाने में करीब 1 महीने का वक्त लग सकता है. जेसीबी से खुदाई शुरू कर दी गई है. करीब 40 मीटर हिस्से में खुदाई हुई है.पानी निकाला जा रहा है. नाला धंसने के बाद संत नगर चौराहा की तरफ जाने वाली रोड का यातायात बाधित है. वहीं पूरे दिन रुक-रुककर यातायात चलता रहा. शाम को कई बार जाम की स्थिति बनी, लेकिन तैनात पुलिस कर्मियों ने व्यवस्था संभाल ली. गुरुवार को पुलिस कमिश्नर कैंप ऑफिस के बाहर जल निगम की गंगा नियंत्रण प्रदूषण इकाई ने खुदाई शुरू की थी. यहां भी डॉट नाला धंसने के बाद करीब 7 मीटर गहरी खुदाई शुरू की गई है. दोनों तरफ रोड ब्लॉक किए जाने से रुक-रुककर यहां भी जाम की स्थिति बनी रही. इसे बनाने में अभी 15 दिन का वक्त लग सकता है.

