ABC News: जब से टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क ने ट्विटर खरीदा है, तब से ट्विटर पर एक विवाद छिड़ गया है. दरअसल, बात ये है कि एलन मस्क ने हाल ही में ये घोषणा की थी कि अब हर कोई ब्लू टिक पाने का हकदार होगा और जिसे भी वेरिफाइड अकाउंट चाहिए होगा, उसे 8 डॉलर यानी करीब 650 रुपये देने होंगे. इसका रेट हर देश के हिसाब से अलग-अलग होगा. लोग आपत्ति जता रहे हैं कि आखिर दुनिया का सबसे अमीर आदमी अपनी सेवाओं के लिए पैसे कैसे चार्ज कर सकता है. हालांकि, एलन के कान पर जूं रेंगते नहीं दिख रही है और वो लोगों की टांग खींचते भी नजर आ रहे हैं जो उनकी आलोचना कर रहे हैं.

इस बीच एलन मस्क के नाम से कई ट्वीट किए गए हैं जो हिन्दी में जिसने भारतीय यूजर्स को चौंका दिया है.“‘ट्विटर तेरे टुकड़े होंगे’ गैंग को भी $8 देने पड़ेंगे”; “इस बार चलेगी झाड़ू, इस बार चलेगी झाड़ू!”; “भ्रष्टाचारी ट्विटर पर वार करेगी झाड़ू!”; “ये बिक गई है चिड़िया”; “कमरिया करे लपालप, की लॉलीपॉप लागेलू”…..अगर आप सोच रहे हैं कि हम ये क्या उटपटांग लिख रहे हैं तो आपको बता दें कि ये हम नहीं, बल्कि एलन मस्क के नाम से किए गए कुछ ट्वीट्स हैं जो तेजी से वायरल हो रहे हैं.

सबसे ज्यादा हैरानी की बात ये है कि ये ट्वीट्स हिन्दी में किए गए हैं. एक ट्वीट तो फेमस भोजपुरी एक्टर-सिंगर पवन सिंह का गाना है जिसे देखने के बाद वो खुद अचरज में आ गए और एलन मस्क का धन्यवाद भी किया. अगर आप भी हैरान हो रहे हैं कि आखिर एक अमेरिकी और दुनिया के सबसे अमीर आदमी को हिन्दी में ट्वीट करने का खयाल कैसे आया तो चलिए आपकी इस दुविधा को दूर कर देते हैं. ये सारे ट्वीट जिस अकाउंट से किए गए हैं वो एलन मस्क का नहीं है. जिस शख्स का वो अकाउंट है, उसने एलन मस्क को चिढ़ाने के लिए उनका नाम जोड़ दिया है और प्रोफाइल पिक्चर भी उन्हीं के जैसी लगा दी है. पर वो असल में दूसरे व्यक्ति हैं. ये एलन मस्क का पैरोडी अकाउंट भी नहीं है. जिसका ये अकाउंट है, उनका नाम इयान वुलफर्ड है.

